Ludhiana: दिनदहाड़े पैदल जा रहे व्यक्ति से स्नेचिंग, लुटेरे CCTV में कैद
punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 03:41 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के शिवपुरी इलाके में दिनदहाड़े स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बाइक सवार बेखौफ लुटेरों ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति का मोबाइल फोन छीन लिया। हालांकि, पीड़ित और आगे खड़े राहगीरों ने हौंसला दिखाते हुए बदमाशों को दबोचने की पूरी कोशिश की, लेकिन शातिर लुटेरे चकमा देकर भागने में कामयाब रहे।
यह पूरी वारदात गली में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति शिवपुरी इलाके से पैदल गुजर रहा था कि तभी अचानक मोटरसाइकिल पर सवार 2 युवक उसके पास आए और पलक झपकते ही उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। मोबाइल छिनते ही पीड़ित ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और लुटेरों को पकड़ने के लिए उनके पीछे भागा। आगे खड़े कुछ अन्य लोगों ने भी जब यह शोर सुना, तो उन्होंने बदमाशों का रास्ता रोकने और उन्हें दबोचने का प्रयास किया। मगर लुटेरे तेजी से बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गए।
इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। सीसीटीवी फुटेज में न केवल दोनों लुटेरों के चेहरे साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं, बल्कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल का नंबर भी स्पष्ट नजर आ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुराग बिल्कुल साफ हैं, अगर पुलिस थोड़ी भी मुस्तैदी और संजीदगी दिखाए, तो इन झपटमारों को सलाखों के पीछे पहुंचने में देर नहीं लगेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

