Ludhiana में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, Suicide Note खोले राज
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 06:15 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): लुधियाना से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियों से तंग आकर सुसाइड कर लिया। घटना के बाद मौके से बरामद हुआ लंबा सुसाइड नोट पूरे मामले को और भी गंभीर बना रहा है। युवक ने अपने हाथ से लिखे इस नोट में अपनी मौत के पीछे कई लोगों को जिम्मेदार ठहराया है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक ने नोट में बताया कि उसे साइबर क्राइम के जरिए फंसाकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसके नाम पर झूठा केस दर्ज करवाने की धमकी दी और इसी बहाने उससे पैसे ऐंठे। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के कारण युवक गहरे तनाव में चला गया था। उसने लिखा कि वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था और उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा।
सुसाइड नोट में युवक ने अपने ऊपर चल रहे कर्ज और लेन-देन का भी जिक्र किया है। उसने बाकायदा कुछ लोगों के नाम और उनके पास बकाया रकम का विवरण लिखा, ताकि उसकी मौत के बाद परिवार इन मामलों को सुलझा सके। इसके अलावा, उसने अपने परिवार को बीमा क्लेम से जुड़े दस्तावेज पूरे करने की सलाह दी, जिससे उसके बाद परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। युवक ने एक ट्रैवल एजेंट पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा कि एजेंट ने उससे पैसे लिए थे, लेकिन न तो काम किया और न ही रकम वापस की। युवक ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए कहा कि इस वजह से उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई। नोट के आखिर में युवक ने प्रशासन और पुलिस से अपील की कि जिन लोगों ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और के साथ ऐसा न हो।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुसाइड नोट को अहम सबूत के तौर पर जांच में शामिल कर लिया गया है। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और वे प्रशासन से इंसाफ की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

