लुधियाना में नशे की ओवरडोज का ड्रामा रच पुलिस को उलझाने की कोशिश, पोस्टमार्टम ने खोला मौ+त का गहरा राज

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:13 AM (IST)

लुधियाना(राज): मॉडल टाउन इलाके के लिब्रा चौक के पास एक खाली प्लॉट के कमरे में मिले युवक के शव मामले ने अब बेहद सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। जिस मौत को पुलिस शुरुआती जांच में नशे की ओवरडोज मान रही थी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के खुलासे के बाद वह मामला अब सोची समझी साज़िश के तहत की गई बेरहम हत्या में तब्दील हो गया है। अंबेडकर नगर निवासी 27 वर्षीय गौरव उर्फ शुभम की मौत के पीछे नशे का इंजेक्शन नहीं, बल्कि कातिलों के खूनी हाथ निकले हैं।

बेरहमी से  गला दबाकर मौत की नींद सुलाया
सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में यह साफ हो गया है कि गौरव की जान गला घोंटने की वजह से गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, गौरव के शरीर पर बेरहमी से की गई मारपीट के कई निशान मिले हैं, जिनमें उसके सिर के पिछले हिस्से, हाथों और कमर पर गहरी चोटें शामिल हैं। डॉक्टरों का मानना है कि वारदात के वक्त एक से ज्यादा हमलावरों ने गौरव को पीटा और उसके बाद बड़ी बेरहमी से उसका गला दबाकर उसे मौत की नींद सुला दिया। इस पूरी वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात आरोपियों की शातिराना साजिश रही। पुलिस को गुमराह करने और हत्या को हादसे का रूप देने के लिए कातिलों ने गौरव की पैंट उतार दी और उसके शव के पास जानबूझकर नशीला सामान रख दिया। 

आरोपियों की कोशिश थी कि मौके के हालात देखकर पुलिस इसे नशे की ओवरडोज से हुई मौत मानकर फाइल बंद कर दे। यहां बता दे कि मृतक के भाई आकाश के मुताबिक कि गौरव की पत्नी दुगरी स्थित एक कोठी में काम करती है। उस रात वहां कोई कार्यक्रम था और गौरव अपनी बेटी को लेकर रात करीब 11 बजे वहां गया था। वह अपनी पत्नी को यह कहकर निकला था कि बस 5 मिनट में लौटकर आ रहा है, लेकिन वह वापस नहीं लौटा और अगले दिन उसका शव बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस अब इस थ्योरी पर काम कर रही है कि वह कौन लोग थे जिन्होंने गौरव को मौत के घाट उतारा और फिर उसे नशेड़ी साबित करने की साजिश रची।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News