खुशियों वाले घर में मातम का सन्नाटा, शादी से लौट रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौ+त
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 08:43 AM (IST)
लुधियाना(राज): खुशियों के माहौल में उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब एक शादी समारोह से वापस लौट रहे दोस्तों की कार को एक बेलगाम ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। यह भीषण सड़क हादसा दिल्ली रोड स्थित हीरो साइकिल फैक्ट्री के पास बने पुल के ऊपर हुआ। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दो दोस्तों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने मारी कार को टक्कर
थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपी को जल्द से जल्द काबू जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, मृतक रविंदर राजपूत (32) बीते 29 अप्रैल को अपने सहकर्मी मनोज श्रीवास्तव के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए अपने दोस्तों के साथ ऑल्टो कार पर सवार होकर चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस गया था। शादी की खुशियां मनाकर जब रविंदर अपने दोस्त के साथ वापस लौट रहा था, तो जैसे ही उनकी कार हीरो साइकिल फैक्ट्री के सामने दिल्ली रोड पुल पर पहुंची, तो एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
आरोपी चालक मौके से फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार रविंदर राजपूत और आदर्श यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। राहगीरों और परिजनों की मदद से लहूलुहान हालत में दोनों घायलों को तुरंत अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार 30 अप्रैल को इलाज के दौरान रविंदर राजपूत और आदर्श यादव की मौत हो गई।

