मैरिज पैलेस में शादी की खुशियां बदलीं खूनी जंग में: बकाया पैसे मांगे तो दूल्हे के बाप ने साथियों संग मचाया कोहराम

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 09:41 AM (IST)

लुधियाना(राज): शहर के मशहूर 'साउथ एड गार्डन मैरिज पैलेस' में एक शादी समारोह के दौरान उस समय भारी हंगामा हो गया, जब पैलेस के स्टाफ ने बुकिंग के बकाया पैसों की मांग की। मामूली सी बात पर दूल्हे के पिता और उसके साथियों ने पैलेस के जीएम (GM) और वर्करों पर हमला कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और पैलेस मालिक की लग्जरी गाड़ी में तोड़फोड़ कर डाली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच। थाना सदर की पुलिस ने जसप्रीत सिंह की शिकायत पर आरोपी हरपाल सिंह, जस, गोपी कुमार, दिलीप कुमार, सनी पांडे और उनके अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर लिया है।

पैलेस में चल रही थी शादी की रिसेप्शन पार्टी 
पुलिस को दिए बयानों में पैलेस के जीएम ने बताया कि 27 और 28 अप्रैल की दरमियानी रात को पैलेस में हरपाल सिंह के बेटे की शादी की रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान कुछ पेमेंट बकाया थी, जिसे लेकर जीएम ने हरपाल सिंह से पैसे जमा करवाने को कहा। पैसे मांगते ही हरपाल सिंह आगबबूला हो गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जीएम और वहां काम करने वाले वर्कर गुलाम अली व वशिष्ठ कुमार की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। हंगामे के दौरान गुंडागर्दी का आलम यह था कि आरोपियों ने अपनी फोर्ड कार तेज रफ्तार से जीएम के ऊपर चढ़ाने की कोशिश की, जिससे उसकी जान भी जा सकती थी। यही नहीं, आरोपियों ने पैलेस के मालिक साहिल अग्रवाल की सोने की चैन भी छीन ली और वहां खड़ी उनकी काले रंग की फॉर्च्यूनर कार की जमकर तोड़फोड़ की।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
शादी वाले घर में हुई इस मारपीट और लूटपाट के बाद पैलेस में अफरा-तफरी मच गई।  पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने सिर्फ अपना हक मांगा था, जिसके बदले उन्हें लहूलुहान कर दिया गया और जान से मारने की कोशिश की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vicky Sharma

Related News