Students के लिए जरूरी खबर, 11वीं के बाद स्ट्रीम बदलने पर रोक...PSEB ने जारी किए नए नियम

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 02:51 PM (IST)

पंजाब डेस्क: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने सीनियर सेकेंडरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए विषय और स्ट्रीम चयन को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया है। नए नियमों के तहत अब विद्यार्थी 11वीं कक्षा पास करने के बाद 12वीं में अपनी स्ट्रीम या विषय नहीं बदल सकेंगे। 12वीं में उन्हें वही स्ट्रीम और विषय पढ़ने होंगे, जिनका चयन उन्होंने 11वीं कक्षा में किया था। यानी कि 12वीं कक्षा में स्ट्रीम  जैसे साइंस से आर्ट्स या कॉमर्स से वोकेशनल आदि में परिवर्तन नहीं कर सकेंगे।  

PSEB का यह फैसला पंजाब के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूलों पर लागू होगा। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बोर्ड के अनुसार, 11वीं के बाद विषय या स्ट्रीम बदलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई का आधार प्रभावित होता है। लगातार एक ही विषय और स्ट्रीम की पढ़ाई करने से विद्यार्थियों की नॉलेज और बेसिक कॉन्सेप्ट मजबूत होंगे।

11वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के पास विषय, ग्रुप या स्ट्रीम में किसी भी तरह का संशोधन करने के लिए केवल सितंबर तक का समय होगा। यानी कि जिन विद्यार्थियों को अपनी स्ट्रीम या विषय में बदलाव करना है, उन्हें इसके लिए 30 सितंबर तक मौका दिया गया है। इसके बाद 11वीं पास करने के बाद 12वीं में विषय या स्ट्रीम बदलने की अनुमति नहीं होगी। वहीं अगर विद्यार्थी 11वीं के बाद किसी अन्य विषय की पढ़ाई  करना चाहता है तो वह उसे एक अतिरिक्त विषय  के तौर पर चुन सकते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News