पेट्रोल पंप पर आधी रात खूनी ड्रामा: दिल्ली नंबर की कार सवारों ने की फायरिंग, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 12:59 PM (IST)
लुधियाना (राज): आरती चौक स्थित 'कुबेर पेट्रोल पंप' पर डीजल की जगह पेट्रोल डालने को लेकर हुई कहासुनी के बाद सरेआम गोलियां चलने और गाड़ियों में तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डीजल की गाड़ी में गलती से पेट्रोल डलने के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरी गाड़ी में सवार युवकों ने पिस्तौल निकालकर सरेआम हवाई फायर कर दिया। इतना ही नहीं, वारदात के करीब सवा घंटे बाद आरोपी दोबारा हथियारों से लैस होकर आए और पेट्रोल पंप पर खड़ी गाड़ी के परखच्चे उड़ा दिए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात कार सवार हमलावरों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप मालिक राजू शर्मा (निवासी टैगोर नगर, सिविल लाइंस) ने बताया कि उनका आरती चौक पर कुबेर पेट्रोल पंप है, जो 24 घंटे खुला रहता है। 29 अगस्त की तड़के करीब 2:15 बजे एक फॉक्सवैगन वेंटो कार (नंबर PB04AE4914) उनके पंप पर डीजल भरवाने आई। पंप कर्मी से गलती से उसमें पेट्रोल डल गया, जिस पर कार का अज्ञात चालक कर्मी से तीखी बहस करने लगा। उसी दौरान दिल्ली नंबर की एक अन्य कार (नंबर DL1CR6500) पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने पहुंची। वेंटो कार चालक ने दूसरी कार के सवारों को तेल डलवाने से रोक दिया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। विवाद बढ़ते ही दिल्ली नंबर की कार में सवार एक अज्ञात युवक ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाल लिया और हवा में लहराते हुए सीधे गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनते ही पंप कर्मियों और आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। गोली चलाने के बाद आरोपी अपनी कार (DL1CR6500) लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि वेंटो कार का चालक भी अपनी गाड़ी पंप पर ही छोड़कर वहां से चला गया। बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद थे कि वारदात के बाद तड़के करीब 3:30 बजे दिल्ली नंबर की कार में सवार 4-5 हथियारबंद युवक दोबारा पेट्रोल पंप पर आ धमके। उन्होंने आते ही पंप परिसर में खड़ी वेंटो कार पर हमला बोल दिया और उसकी जमकर तोड़फोड़ कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
चौकी घुमार मंडी के इंचार्ज एएसआई देविंदर पासी ने बताया कि शिकायतकर्ता राजू शर्मा के बयानों के आधार पर कार नंबर DL1CR6500 के चालक व उसमें सवार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 191(3), 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25-27-54-59 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली जा रही है और दिल्ली नंबर की कार को ट्रेस कर गोली चलाने वाले आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

