लुधियाना में बड़ा फर्जीवाड़ा! महिला के दस्तावेजों पर बोगस फर्म, GST नंबर और बैंक लोन
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 09:11 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर बोगस फर्में बनाने और उनके जरिए बैंकों व सरकारी विभागों को करोड़ों का चूना लगाने वाले शातिर जालसाजों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
बैंकों से लोन और जाली इनकम टैक्स रिटर्न...
एक महिला के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार कर पहले फर्जी फर्म बनाई गई, फिर उसी के आधार पर फर्जी जीएसटी (GST) नंबर लिया गया, बैंकों से लोन पास करवाए गए और जाली इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) तक भर दी गई। पीड़िता की शिकायत पर उच्चाधिकारियों द्वारा करवाई गई जांच के बाद स्थानीय पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात शातिर व्यक्ति ने उसके पहचान पत्रों और दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करते हुए जाली दस्तावेज तैयार किए।
बैंकों की प्रक्रिया की जानकारी पीड़िता तक पहुंची
इसके बाद पीड़िता के नाम पर एक बोगस (फर्जी) व्यावसायिक फर्म खड़ी कर दी गई।उस जाली फर्म के नाम पर फर्जी तरीके से जीएसटी नंबर हासिल किया गया। इन्हीं जाली दस्तावेजों और फर्जी फर्म के नाम पर बैंकों से भारी-भरकम लोन हासिल कर लिए गए।जालसाजी को पुख्ता दिखाने के लिए उसके नाम पर जाली आईटीआर भी दाखिल की जाती रही। जब पूरे मामले का खुलासा हुआ और संबंधित विभागों व बैंकों की प्रक्रिया की जानकारी पीड़िता तक पहुंची, तो उसके होश उड़ गए। शातिर जालसाज ने अपनी असली पहचान छिपाकर पूरी तरह से परमजीत कौर के दस्तावेजों की आड़ में इस आपराधिक सिंडिकेट को चलाया।
सलाखों के पीछे होंगे आरोपी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर संबंधित बैंक खातों, जीएसटी नंबर के डिजिटल फुटप्रिंट्स और इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि फर्जीवाड़े के इस रैकेट में शामिल अज्ञात मुख्य आरोपी और उसके मददगारों को जल्द ही बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

