ससुरालियों ने दामाद के घर मचाया तांडव! हथियार दिखाकर धमकाया, लाखों के गहने-कपड़े लूटे

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 09:05 AM (IST)

लुधियाना (राज): वैवाहिक विवाद और घरेलू कलह के चलते ससुराल पक्ष द्वारा दामाद के घर में घुसकर जानलेवा हमला करने और पिस्तौल का डर दिखाकर लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की और घर से सोने के जेवरात, नकदी व कीमती कपड़े समेटकर स्विफ्ट कार में सवार होकर फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए लुधियाना के दीपक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता सुनीलतदत्त  ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि उसके बेटे तरुण दत्त का विवाह 12 नवंबर 2025 को गरिमा शर्मा के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद और घरेलू क्लेश रहने लगा था, जिसके चलते अक्सर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। शिकायत के अनुसार, 26 और 27 अगस्त की दरमियानी रात को ससुराल पक्ष से जुड़े आरोपी जबरन उनके घर में दाखिल हो गए। आरोपियों ने अंदर आते ही तरुण दत्त को घेर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी गगनदीप सिंह ने पिस्तौल जैसा हथियार दिखाकर पूरे परिवार को धमकाया और खौफ का माहौल बना दिया। इसके बाद आरोपी घर में रखी अलमारी व सेफ से सोने के गहने, करीब 22,000/- रुपये की नकदी और कीमती कपड़े लूटकर अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

हमले में तरुण दत्त को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के तुरंत बाद परिजनों ने उसे लहूलुहान हालत में दीपक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल व परिजनों के बयान कलमबद्ध किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुद्दई के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ घर में जबरन घुसने, मारपीट करने, हथियार दिखाकर धमकाने और लूटपाट करने की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश और स्विफ्ट कार को ट्रेस करने के लिए छापेमारी कर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News