कुत्ते को लेकर विवाद ने लिया खूनी मोड़, युवती से बदसलूकी के बाद पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 12:31 PM (IST)

लुधियाना (राज): सिविल सिटी इलाके में मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जब एक सिरफिरे युवक ने केक लेने गई युवती से बदसलूकी करने के बाद मौके पर पहुंचे उसके पिता और भाई पर सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दहशत फैलाने के लिए 2 हवाई फायर करने के बाद आरोपियों ने सीधे बाप-बेटे को निशाना बनाते हुए 4 गोलियां दागीं, जिससे दोनों गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पिता के पैर में गोली फंसी होने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

अस्पताल में उपचाराधीन घायल वंश (22) ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि बुधवार को उसके पिता प्रिंस का जन्मदिन था। घर में खुशी का माहौल था और उसकी बहन सिविल सिटी इलाके में पिता के जन्मदिन का केक लेने गई थी। बाजार में एक युवक अपना पालतू कुत्ता घुमा रहा था। बहन ने एहतियातन सामान्य रूप से पूछ लिया कि "कुत्ता काटता तो नहीं है?" इतनी सी बात सुनते ही आरोपी युवक आगबबूला हो गया और उसने सरेराह युवती के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी करनी शुरू कर दी। सहमी युवती ने तुरंत फोन कर अपने पिता प्रिंस और भाई वंश को मौके पर बुला लिया। जब पिता-पुत्र ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक से लड़की से बदसलूकी करने का कारण पूछा, तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए झगड़े पर उतारू हो गया। बात बढ़ती देख आरोपी दौड़कर पास ही स्थित अपने घर गया और अंदर से बंदूक निकाल लाया। उसने मौके पर पहुंचते ही बिना किसी खौफ के अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

पीड़ित वंश ने बताया कि आरोपी ने कुल 6 राउंड फायर किए। इलाके में दहशत का माहौल पैदा करने के लिए पहले 2 हवाई फायर किए गए, जिसके बाद बाकी 4 गोलियां सीधे उन दोनों पर तानकर दाग दी गईं। गोलीबारी में पिता प्रिंस और पुत्र वंश दोनों की बाईं टांग में गोली जा लगी। वंश की टांग से गोली आर-पार निकल गई, जबकि बचाव के दौरान उसकी बाजू पर भी गंभीर चोट आई, जहां डॉक्टरों को 9 टांके लगाने पड़े। वहीं, पिता प्रिंस की हालत ज्यादा गंभीर बनी हुई है क्योंकि गोली उनकी टांग की हड्डी और मांस के बीच फंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए डॉक्टर प्रयासरत हैं।

SHO बोले- मामला ध्यान में, लेकिन गोली चलने की सूचना नहीं!

थाना हैबोवाल के एसएचओ जसबीर सिंह से जब इस संबंध में बात की गई, तो उन्होंने बयान देते हुए कहा कि मामला उनके संज्ञान में जरूर आया है और जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक उनके पास गोली चलने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरी जांच मुकम्मल होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी और बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, सरेआम हुई इस फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News