मशहूर ''पंडित कुलचे-छोले'' वाले के बेटे की गोली मारकर ह+त्या, B''day बर्थडे पार्टी में हुआ था विवाद
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 10:51 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर में अपराध और सरेराह गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर के मशहूर 'पंडित कुलचे-छोले' के संचालक के बेटे राहुल शर्मा की बुधवार देर रात बर्थडे पार्टी के दौरान गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उस पर सीधी फायरिंग करते हुए दो गोलियां दागीं, जिनमें से एक उसकी छाती और दूसरी पीठ में लगी। लहूलुहान हालत में उसे तुरंत दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महज तीन साल पहले शादी के बंधन में बंधे नौजवान की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
छाती और पीठ पर 2 गोलियां मारी गईं
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि राहुल बुधवार रात अपनी सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर घर से निकला था। उसने परिवार को बताया था कि वह अपने दोस्तों के साथ एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहा है। देर रात पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर राहुल की वहां मौजूद कुछ युवकों के साथ तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विरोधी पक्ष के युवकों ने तैश में आकर हथियार निकाल लिए और राहुल पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वारदात फुल्लांवाल चौक से जे-ब्लॉक मॉल की तरफ जाने वाली सड़क पर अंजाम दी गई। हमलावरों ने राहुल को निशाना बनाते हुए दो गोलियां दागीं। एक गोली सीधे उसकी छाती में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पार्टी में मौजूद कुछ अन्य दोस्त उसे तुरंत गंभीर हालत में डीएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे। रात करीब 12:30 बजे दोस्तों ने राहुल के साले को फोन कर सूचना दी कि राहुल को गोली लगी है और वह अस्पताल में दाखिल है। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि रात 11:55 बजे ही अत्यधिक खून बह जाने के कारण राहुल की मौत हो चुकी थी।
3 साल पहले हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने रोते-बिलखते बताया कि राहुल की शादी करीब 3 साल पहले ही हुई थी। वह अपने पिता के साथ मशहूर 'पंडित कुलचे-छोले' के कारोबार में हाथ बंटाता था। उसके परिवार में उसकी पत्नी, वृद्ध माता-पिता और एक शादीशुदा बहन है। जवान बेटे की अचानक गोली लगने से हुई मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और समूचे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पार्टी में शामिल युवकों से पूछताछ, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ डीएमसी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देर रात आयोजित इस पार्टी में कौन-कौन लोग शामिल थे, पार्टी में किस बात पर झगड़ा हुआ और गोली चलाने वाले मुख्य हमलावर कौन थे—इन तमाम बिंदुओं पर पार्टी में मौजूद युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही फुल्लांवाल चौक से लेकर जे-ब्लॉक रोड पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला जा रहा है ताकि शूटरों के आने-जाने के रूट और उनकी पहचान पुख्ता की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के सुराग जुटाए जा रहे हैं और बहुत जल्द हत्यारों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

