Ludhiana : घटिया मेटीरियल से बनी रोड कुछ ही समय में उखड़ी, नगर निगम पर उठे सवाल
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 10:58 PM (IST)
लुधियाना (हितेश) : नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों में क्वालिटी कंट्रोल नियमों का जनाजा निकलने का सिलसिला लगातार जारी है, जिसके तहत कुछ समय पहले सीमेंट से बनी लोहारा मेन रोड बिखर गई।
यहां बताना उचित होगा कि नगर निगम द्वारा प्रीमिक्स के मुकाबले काफी ज्यादा लागत के साथ यह कहकर सीमेंट की सड़कें बनाने पर जोर दिया जा रहा है कि इनकी लाइफ और मजबूती कई गुणा अधिक होती है। लेकिन ग्राउंड पर हालात इसके बिल्कुल उलट हैं और आए दिन सीमेंट की सड़कें बिखरने के मामले सामने आ रहे हैं। इससे जुड़ा मामला बुधवार को जोन सी के अधीन आते इलाके लोहारा मेन रोड पर सामने आया, जहां कुछ समय पहले ही बनी सीमेंट की सड़क अचानक हवा में उछल गई। जिसके लिए सड़क निर्माण के लिए घटिया मेटीरियल का इस्तेमाल होने को बड़ी वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस सड़क के निर्माण में सीमेंट व सरिया पूरी मात्रा में इस्तेमाल नहीं किया गया और बेस बनाने का काम भी निधार्रित मापदंडों के मुताबिक नहीं हुआ, जिसके चलते सीमेंट की सड़कें हवा में उछलने की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल होने कारण नगर निगम की जमकर किरकिरी हो रही है। जिससे पहले ठेकेदारों को पेमेंट रिलीज करने की चर्चा हो रही है और मेयर-कमिश्नर, एस.ई. व बी एंड आर ब्रांच के अफसरों ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है।



