Ludhiana DC ऑफिस के बाहर छात्रों का नुक्कड़ नाटक, प्रदूषण के खिलाफ दिया संदेश

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 03:02 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): जीएमटी स्कूल के +2 के विद्यार्थियों ने डीसी ऑफिस के बाहर पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। छात्रों ने अपनी शानदार प्रस्तुति के जरिए लोगों को जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया।

पॉलीथिन के बढ़ते इस्तेमाल पर भी जताई चिंता
नाटक में दिखाया गया कि किस तरह लोग लापरवाही से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा फेंकते हैं, जिससे गंदगी के साथ-साथ प्रदूषण भी बढ़ता है। विद्यार्थियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें और कचरा इधर-उधर न फैलाएं। छात्रों ने पॉलीथिन के बढ़ते इस्तेमाल पर भी चिंता जताई और इसे कम करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पॉलीथिन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि इसे खाने से आवारा पशुओं की जान भी खतरे में पड़ जाती है। छात्रों ने सुझाव दिया कि स्कूलों में बच्चों को लंच के लिए पॉलीथिन की बजाय बेहतर विकल्प दिए जाएं।

अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का दिया संदेश
इसके अलावा, विद्यार्थियों ने पेड़-पौधों की अहमियत को भी उजागर किया और कहा कि बिना वजह पेड़ों की कटाई न की जाए। अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। नुक्कड़ नाटक के दौरान छात्रों ने अपने अभिनय और संवाद के जरिए वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया और पर्यावरण संरक्षण के लिए सोचने पर मजबूर किया। अंत में उन्होंने सभी से संकल्प लेने की अपील की कि वे कूड़ा नहीं फैलाएंगे, पॉलीथिन का कम इस्तेमाल करेंगे और पर्यावरण को बचाने में अपना योगदान देंगे। मौके पर मौजूद लोगों ने छात्रों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उनके संदेश को अपनाने का भरोसा जताया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News