Ludhiana: स्मार्ट सिटी कैमरों पर बदमाशों का हमला, पोल तोड़कर कीमती PTZ कैमरा चोरी

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 02:15 PM (IST)

लुधियाना (राज): पंजाब पुलिस के सेफ सिटी और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को अज्ञात वाहन चालकों ने निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला सेंट्रल जेल पुल के पास से सामने आया है, जहां एक अज्ञात वाहन ने कैमरे वाले पोल को जोरदार टक्कर मारकर उसे धराशायी कर दिया। इतना ही नहीं, टक्कर के बाद खंभे पर लगा कीमती पीटीजेड (PTZ) कैमरा भी मौके से गायब है, जिसे कोई अज्ञात चोरी कर ले गया। 

इस मामले में थाना टिब्बा की पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उस 'बेखौफ' वाहन चालक का पता लगाया जा सके जिसने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही ट्रेस कर लिया जाएगा। मामले का खुलासा तब हुआ जब सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत एच.सी.एल. (HCL) कंपनी में कार्यरत डिप्टी मैनेजर ने पुलिस को बयान दर्ज करवाए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बीती 7 फरवरी 2026 को सेंट्रल जेल पुल पर लगे स्मार्ट सिटी के कैमरों ने अचानक काम करना बंद कर दिया था। तकनीकी खराबी की जांच के लिए जब अगले दिन 8 फरवरी को टीम को मौके पर भेजा गया, तो वहां का मंजर देखकर सब दंग रह गए।

जांच टीम ने रिपोर्ट दी कि किसी अज्ञात वाहन ने कैमरे के पोल को इतनी जोर से टक्कर मारी थी कि वह टूटकर जमीन पर जा गिरा। मौके से पीटीजेड कैमरा गायब पाया गया, जबकि पोल पर लगी यू.वी.आर. (UVR) डिवाइस भी बुरी तरह टूटकर चकनाचूर हो चुकी थी। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कीमती कैमरा चोरी होने के इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News