जालंधर में 7 करोड़ का iPhone स्कैम!  ''गैजेट वाला'' का मालिक गोल्ड, कैश और मोबाइल लेकर फरार

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 01:24 PM (IST)

जालंधर : शहर के चीमा चौक के पास स्थित गेजैट वाला नाम की दुकान का मालिक लोगों से करीब 7 करोड़ रुपए का मोबाइल स्कैम करके फरार हो गया। आरोपी घर से भी सारा सामान पैक करके भाग गया है। आरोपी सिर्फ मोबाइल ही नहीं बल्कि आईफोन खरीदने के नाम पर कई लोगों से गोल्ड और कैश तक ले गया। थाना सात में गेजैट वाला नाम की दुकान चलाने वाले रीतिश के खिलाफ 25 से 30 लोगों ने शिकायत दी है।

गोल मार्केट में ज्वैलरी शॉप चलाने वाले शुभम ने बताया कि रीतिश कुछ माह चीमा चौक से संघा चौक जाती रोड पर गैजेट वाला नाम की दो दुकानें चलाता था। आरोप है कि शुरुआती समय में रीतिश ने मार्केट में कुछ लोगों से नजदीकियां बढ़ाई। उन लोगों को तथा कथित तौर पर कहना शुरू कर दिया कि उसके पास एक स्कीम है जिसके चलते वह 8 से 9 माह पुराने आई फोन को एक्सचेंज करवा कर नया आईफोन दिला सकता है लेकिन साथ में 20 हजार रुपए कैश भी देने होंगे। नया फोन लेने के चक्कर में उक्त लोगों ने रीतिश को फोन व 20-20 हजार रुपए देने शुरू कर दिए। मार्केट में अपने नाम बनाने के लिए रीतिश ने उन्हें अपनी तरफ से नए फोन भी दिए लेकिन जैसे ही उसका प्रचार हुआ और लोगों की भीड़ आनी शुरू हुई तो रीतिश ने सभी को इसी तरह अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया।

वहीं शुभम नाम के ज्वैलर ने 8 लाख रुपए का गोल्ड दे दिया। उसके साथ साथ अन्य ज्वैलरों ने भी उसे गोल्ड दिया जिसमें से उसने कुछ समय बाद आधे पैसे तो लौटा दिए लेकिन बाकि की रकम और उसका प्रॉफिट देने का समय ले लिया व उसके लिए अपने चैक भी दिए।

इसी तरह 23 से 30 के करीब लोगों ने कैश, गोल्ड और सैंकड़ों के हिसाब से आईफोन रीतिश को दे दिए। 12 जुलाई को उसने उक्त लोगों को मोबाइल और प्रॉफिट देना था। 12 जुलाई को जब लोग उसकी दुकान पर आए तो दुकान बंद थी। लोगों ने ठग रीतिश को फोन किया तो मोबाइल बंद था। लोग इक्ट्ठा हुए तो वह उसके घर तक पहुंच गए। घर जाकर पता लगा कि वह बीती रात ही सारा सामान लेकर फरार हो चुका है। जो घर वह खुद का बता रहा था, वह भी किराए का निकला। पीड़ित लोगों ने अब थाना सात की पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रापर्टी दिलाने के नाम पर भी लोगों से ठगी

गोल मार्केट में फोटोग्राफी का काम करने वाले दीपांश अरोड़ा ने बताया कि शुरूआती समय में रीतिश उसकी दुकान पर आया था। उसके भाई की मौत हो गई थी। वह उसकी तस्वीर निकलवाने आया था जिसके उसने पैसे नहीं लिए। बाद में वह दोनों एक-दूसरे की दुकान पर कुछ न कुछ लेने आते जाते रहते थे।

इसी दौरान दीपांश ने प्रापर्टी खरीदने की बात कही तो रीतिश ने कहा कि वह प्रापर्टी का भी काम करता है। उसने दीपांश से 50 हजार रुपए टोकन मनी ली और बाद में दीपांश ने भी आईफोन के नाम पर एक लाख रुपए इंवैस्ट किया, लेकिन बाद में पता लगा कि आरोपी भाग गया है। दीपांश ने कहा कि उसने कई प्रापर्टी डीलरों से भी फ्रॉड किया है।

असैस्री के डिस्ट्रीब्यूटर से भी किया फ्रॉड

आरोप है कि गेजैट वाला दुकान का मालिक रीतिश कई असैस्री के डिस्ट्रीब्यूटर से भी फ्रॉड करके भागा है। उसने लाखों रुपयों का अलग-अलग डिस्ट्रीब्यूटर से असैस्री खरीदी थी जिसके पैसे नहीं दिए थे। जांच में पता लगा कि वह रात के समय एक गाड़ी में सारी असैस्री भी साथ ले गया। जीरकपुर का रहने वाला आरोपी वहां भी कई फ्रॉड कर चुका है जिन लोगों से ठगी हुई उनमें ज्यादा मोबाइल विक्रेता थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News