सरकारी रौब दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, 2 गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियां बरामद

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 12:02 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में लग्जरी गाड़ियों पर अवैध रूप से लाल बत्ती लगाकर खुद को रसूखदार व सरकारी अधिकारी बताकर आम लोगों के साथ ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय/शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पक्खोवाल रोड पर गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लाल बत्ती लगी एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर और एक महिंद्रा थार गाड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और सरकारी प्रतीकों के दुरुपयोग का मामला दर्ज कर गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर को सब-इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में गश्त पर थे। इसी दौरान एक मुखबिर खास ने पुख्ता सूचना दी कि कुछ शातिर व्यक्ति अपनी पहचान गलत (फर्जी) बताकर और अपनी लग्जरी गाड़ियों पर लाल बत्ती लगाकर इलाके में घूम रहे हैं। यह गिरोह भोली-भाली जनता पर अपना प्रशासनिक रौब जमाकर उनसे भारी रकम की ठगी करने का धंधा चला रहा है। मुखबिर की सूचना को पुख्ता मानते हुए एसआई हरविंदर सिंह की टीम ने तुरंत पक्खोवाल रोड स्थित कीज होटल के पास 'वेडिंग विल्ला' के निकट नाकाबंदी और घेराबंदी की।

पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दो आरोपियों को धर दबोचा, जिनकी पहचान हरप्रीत सिंह और गुलशन सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से फॉर्च्यूनर गाड़ी (नंबर: PB-08-FZ-9718, रंग सफेद): जिस पर अवैध रूप से लाल बत्ती लगी हुई थी। महिंद्रा थार गाड़ी (PB-10-HN-0035) बरामद कर जब्त कर ली।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सरकारी प्रभाव दिखाकर लोगों के काम करवाने या उन्हें डरा-धमका कर ठगने का काम करते थे। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और गाड़ियों पर लगाई गई लाल बत्ती कहां से हासिल की थी। इसके साथ ही गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News