दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपटी, वारदात CCTV में कैद
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 05:26 PM (IST)
कपूरथला (ओबरॉय) : कपूरथला के शर्मा कॉलोनी केसरी बाग इलाके में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन झपटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
घर के गेट के पास खड़ी थी महिला
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने घर के गेट के पास खड़ी थी। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे। एक युवक मोटरसाइकिल से उतरकर पैदल महिला के पीछे गया और मौका मिलते ही उसके गले से सोने की चेन झपट ली।
दो तोले से अधिक वजन की बताई जा रही चेन
बताया जा रहा है कि झपटी गई सोने की चेन का वजन दो तोले से अधिक था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर मौके से फरार हो गया। महिला से चेन झपटने की पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। CCTV फुटेज में आरोपी महिला के पीछे जाते और वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर फरार होते दिखाई दे रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई वारदात से लोगों में डर
रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस को इलाके में गश्त बढ़ाने और ऐसी वारदातों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए। अब CCTV फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

