रिश्वत केस में गिरफ्तार महिला इंस्पेक्टर पर सरकार की बड़ी कार्रवाई
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 11:07 PM (IST)
मोगा: रिश्वत के मामले में गिरफ्तार महिला इंस्पेक्टर सुनीता बावा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पंजाब सरकार ने उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। सुनीता बावा को कोट ईसे खां थाने की प्रभारी रहते हुए 50 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ने गिरफ्तार किया था।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेशी के दौरान मीडिया के सवालों पर महिला इंस्पेक्टर ने “All is Well” कहा था। इसके बाद सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बर्खास्तगी की कार्रवाई की है। फिरोजपुर विजिलेंस ब्यूरो ने सुनीता बावा के साथ उसके गनमैन होमगार्ड जवान गुरअवतार सिंह को भी 50 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
शिकायतकर्ता राजविंदर सिंह के मुताबिक, उसे कथित तौर पर नशा तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। आरोप है कि 50 हजार रुपए पहले लिए जा चुके थे और इतनी ही रकम की दोबारा मांग की जा रही थी। इसके बाद उसने विजिलेंस ब्यूरो से शिकायत की, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

