Punjab के गुरदासपुर में निजी अस्पताल पर Grenade Attack
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 04:17 PM (IST)
गुरदासपुर (हरमन): गुरदासपुर जिले के कस्बा कलानौर में मंगलवार दोपहर उस समय दहशत फैल गई, जब बस स्टैंड के नजदीक स्थित मुल्तानी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर ग्रेनेड फेंक दिया गया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और अस्पताल के कई शीशे टूट गए। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज बहुत तेज थी, जिसके बाद लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही डीएसपी अमोलक सिंह काहलों, एसएचओ जतिंदरपाल सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, एसएसपी गुरदासपुर भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था तथा जांच कार्यों की समीक्षा की।
पुलिस ने अस्पताल और आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

