गुरदासपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, 4 दुकानों और सरकारी स्कूल को बनाया निशाना
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 02:44 PM (IST)
गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया) : जिला गुरदासपुर के आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटनाओं में चोरों ने हरदोछन्नी रोड पर सुखजिंदर कॉलेज के सामने स्थित एक साइबर कैफे समेत कई दुकानों और गांव बरसोला के सरकारी प्राइमरी स्कूल को निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुखजिंदर कॉलेज के सामने एक साइबर कैफे का शटर तोड़कर करीब 10 हजार रुपये की नकदी, स्मार्ट वॉच, एक अन्य घड़ी और टैब चोरी कर लिया। वारदात के दौरान चोर साइबर कैफे में लगा DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा चोरों ने पास स्थित स्कूटर-मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान के भी ताले तोड़े, लेकिन वहां से कुछ नहीं मिलने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। इसी रोड पर स्थित दो अन्य दुकानों के ताले भी चोरों ने तोड़ दिए।
वहीं, इसी रात गांव बरसोला के सरकारी प्राइमरी स्कूल को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने स्कूल में काफी तोड़फोड़ करने के बाद एलईडी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।लगातार हो रही चोरी की इन वारदातों से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।

