Gymkhana Club के चुनावों में बनता दिख रहा है थर्ड फ्रंट, मुकाबला रोचक होने के आसार
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 09:55 AM (IST)
जालंधर (खुराना): 23 अगस्त को होने जा रहे जालंधर जिमखाना क्लब के चुनाव इस बार कई मायनों में अलग नजर आ रहे हैं। पिछले कई वर्षों से क्लब के चुनाव दो प्रमुख ग्रुपों प्रोग्रेसिव और अचीवर्स के बीच ही होते रहे हैं। कभी जीत प्रोग्रेसिव ग्रुप के खाते में जाती है तो कभी अचीवर्स ग्रुप बाजी मार लेता है। हालांकि हर चुनाव में दोनों ग्रुप अपने उम्मीदवार बदलते रहे हैं।
अचीवर्स ग्रुप ने सबसे पहले की अपने उम्मीदवारों की घोषणा
इस बार अचीवर्स ग्रुप ने सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी माहौल में बढ़त बना ली। इतना ही नहीं, इस कदम से प्रोग्रेसिव ग्रुप भी बैकफुट पर आ गया। पिछले चार वर्षों से लगातार सेक्रेटरी रहे संदीप बहल के नेतृत्व वाला प्रोग्रेसिव ग्रुप इस बार चुनावी मैदान में अपने उम्मीदवार उतारने से पीछे हट गया है। इस बार अचीवर्स ग्रुप ने सैक्रेटरी पोस्ट के लिए अमित कुकरेजा, वाइस प्रेसिडेंट के लिए धीरज सेठ, ज्वाइंट सैक्रेटरी के लिए हरप्रीत सिंह गोल्डी और कैशियर पद के लिए सौरभ खुल्लर के नाम पहले ही घोषित कर दिए हैं। ग्रुप की कोशिश है कि इन चारों पदों पर सर्वसम्मति बन जाए और इनके उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाएं। बताया जा रहा है कि प्रोग्रेसिव ग्रुप भी इस प्रस्ताव पर लगभग सहमत हो चुका है और उसने इन पदों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। लेकिन अब चुनावी तस्वीर बदलती नजर आ रही है। क्लब के अंदर एक थर्ड फ्रंट के गठन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार कई सदस्य सर्वसम्मति के पक्ष में नहीं हैं और वे चुनाव को लोकतांत्रिक तरीके से कराने के पक्षधर हैं।
आने वाले दिनों में यह तीसरा मोर्चा कितना मजबूत होगा
सूत्रों के मुताबिक पूर्व सेक्रेटरी एडवोकेट दलजीत सिंह छाबड़ा और पूर्व जूनियर वाइस प्रैजीडैंट गुलशन शर्मा इस थर्ड फ्रंट का नेतृत्व कर रहे हैं। इंजीनियर विजय सहदेव पहले ही सर्वसम्मति के मुद्दे को लेकर सेक्रेटरी पद के उम्मीदवार बनने का ऐलान कर चुके हैं, जबकि प्रोग्रेसिव ग्रुप की अनु माटा भी ज्वाइंट सेक्रेटरी पद के लिए चुनाव मैदान में उतर चुकी हैं। थर्ड फ्रंट का पहला प्रयास अचीवर्स द्वारा घोषित वाईस प्रेसिडेंट पोस्ट के उम्मीदवार धीरज सेठ के विरुद्ध तगड़ा और अनुभवी उम्मीदवार उतारना है जिसे लेकर आज कई किंग मेकर्स के बीच मंत्रणा भी हुई। थर्ड फ्रंट के एक प्रवक्ता ने बताया कि धीरज सेठ लंबे समय से क्लब की राजनीति से लगभग अनुपस्थित से चल रहे हैं, इसलिए उन्हें चुनौती देना बाकियों के मुकाबले आसान है । अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह तीसरा मोर्चा कितना मजबूत होता है और कौन-कौन से नए उम्मीदवार मैदान में उतरकर पहले से घोषित उम्मीदवारों को चुनौती देते हैं। फिलहाल जिमखाना क्लब के चुनावी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं।
आज भी जारी नहीं हुआ जिमखाना क्लब चुनाव का शैड्यूल
जालंधर जिमखाना क्लब के चुनाव 23 अगस्त को होने हैं, लेकिन अब तक चुनाव का आधिकारिक शैड्यूल जारी नहीं हो पाया है। चुनाव में अब केवल 16-17 दिन का समय बचा है, ऐसे में सदस्यों के बीच चुनावी प्रक्रिया को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। चुनाव में मतदान करने के लिए क्लब सदस्यों को पहले अपने बकाया ड्यूज जमा कर वोटर बनना होगा। इसके लिए क्लब प्रबंधन को सदस्यों को कुछ दिन का समय देना पड़ेगा। इसके बाद नामांकन पत्र भरने, उनकी जांच (स्क्रूटनी), नाम वापस लेने और मतदान जैसी प्रक्रियाओं के लिए भी अलग-अलग दिन तय करने होंगे। ऐसे में चुनाव कार्यक्रम जल्द जारी किया जाना जरूरी माना जा रहा है।
चुनावी शेड्यूल को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर शुभी आंगरा ने ऑनरेरी सेक्रेटरी तेजदीप सिंह सेनी और एडहॉक कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में चुनावी प्रक्रिया को लेकर चर्चा जरूर हुई, लेकिन सूत्रों का कहना है कि क्लब के चुनाव करवाने में एडहॉक कमेटी की कोई औपचारिक भूमिका नहीं होती। एडहॉक कमेटी का मुख्य काम क्लब के रोजमर्रा के प्रशासनिक कार्यों को संभालना है, जबकि चुनाव संबंधी सभी फैसले रिटर्निंग ऑफिसर के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। अब क्लब के सदस्यों की नजर चुनावी शेड्यूल पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में कार्यक्रम जारी होने के बाद चुनावी गतिविधियां पूरी तरह तेज हो जाएंगी। बैठक में एडहॉक कमेटी के सदस्य पी.सी.एस अधिकारी आदित्य गुप्ता , परवीन गुप्ता, अमरजीत सिंह राणा, कनव नंदा, सुभाष शर्मा, जसप्रीत सिंह गुल्लू तथा समीर मरवाहा गोल्डी मौजूद रहे।

