सख्त मेहनत लाई रंग, किसान की बेटी ने हासिल किया बड़ा मुकाम

punjabkesari.in Saturday, Sep 07, 2024 - 04:33 PM (IST)

मोहाली  (प्रदीप) : माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी  इंस्टीट्यूट (ए.एफ.पी.आई.), फॉर गर्ल्ज, एस.ए.एस. नगर (मोहाली) की गौरवपूर्ण उपलब्धियों की सूची में आज एक और नाम दर्ज हो गया है। इस संस्था की पूर्व कैडेट पल्लवी राजपूत को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया गया है। चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी से सफलतापूर्वक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद पल्लवी ने शनिवार को पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। परेड का निरीक्षण उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस.  राजा सुब्रमणि (पी.वी.एस.एम., ए.वी.एस.एम., एस.एम., वी.एस.एम.) ने किया। आर्टिलरी रेजिमेंट में कमीशंड ऑफिसर के पद पर नियुक्त लेफ्टिनेंट पल्लवी राजपूत पठानकोट जिले के किसान रविंदर सिंह की बेटी हैं।

PunjabKesari

लेफ्टिनेंट पल्लवी राजपूत को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई देते हुए पंजाब के रोजगार, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पल्लवी की सफलता पंजाब की अन्य बेटियों को रक्षा सेवाओं में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य की उन बेटियों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है जो रक्षा सेवाओं में कमीशन अधिकारी के रूप में सेवा करना चाहती हैं। इसी दिशा में कदम उठाते हुए पंजाब सरकार माई भागो ए.एफ.पी.आई. में मौजूदा ग्रैजुएट विंग के अलावा जुलाई 2023 में  लड़कियों के लिए एक एन.डी.ए. प्रेपरेटरी विंग की स्थापना भी की है।  

उन्होंने कहा कि एन.डी.ए प्रेपरेटरी विंग के तीसरे बैच के लिए प्रवेश परीक्षा जनवरी 2025 में आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी  इंस्टीट्यूट देश में अपनी तरह का पहला संस्थान है, जिसका आवासीय परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।

संस्था के पूर्व कैडेटों की रक्षा सेवाओं में कमिशंड अफसर के तौर पर नियुक्ति व खुशी और संतुष्टि का इजहार करते हुए माई भागो ए.एफ.पी.आई. के डायरेक्टर मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू, ए.वी.एस.एम. (सेवानिवृत्त) ने कहा कि इस तरह की उपलब्धियों से सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए प्री-कमीशन प्रशिक्षण अकादमियों में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ाने की राज्य सरकार की पहल को और गति मिलेगी। उन्होंने लेफ्टिनेंट पल्लवी राजपूत को भारतीय फौज में उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।  

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News