हरमीत सिंह पठानमाजरा फिर अदालत में पेश, बढ़ी न्यायिक हिरासत
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 04:15 PM (IST)
पटियाला (बलजिंदर): हरमीत सिंह पठान माजरा को आज बलात्कार मामले में न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद फिर से माननीय अदालत में पेश किया गया। माननीय अदालत ने हरमीत सिंह पठान माजरा की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी है।
कल फिर किया जाएगा अदालत में पेश
वहीं दूसरी ओर, एसपी इन्वेस्टिगेशन गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि आज हरमीत सिंह पठान माजरा ने माइनिंग एक्ट के तहत दर्ज एक अन्य मामले में भी सरेंडर किया है। इस मामले में उन्हें कल अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की कोशिश की जाएगी और आगे जांच शुरू की जाएगी।
क्या है मामला
उल्लेखनीय है कि सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठान माजरा के खिलाफ 1 सितंबर 2025 को बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराएं 376, 420 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर बलात्कार और धोखाधड़ी के आरोप हैं। पठान माजरा सितंबर 2025 से इस मामले में फरार चल रहे थे। उस समय से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी और मार्च 2026 में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। एफआईआर के अनुसार, एक महिला जो 2013-14 में पठान माजरा के संपर्क में आई थी, उसने आरोप लगाया है कि विधायक ने उसे शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और उसका शोषण किया।

