भीषण गर्मी के बीच स्वास्थय विभाग ने जारी की हिदायतें, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 12:48 PM (IST)
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बढ़ती भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए लोगों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से खासतौर पर दोपहर के समय बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने और शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थ पीने की अपील की है।
ज्यादा पानी पीने और प्राकृतिक पेय लेने की सलाह
एडवाइजरी में कहा गया है कि लोग खुद को हाइड्रेट रखने के लिए बार-बार पानी पिएं, भले ही प्यास न लगी हो। यात्रा के दौरान अपने साथ पीने का पानी रखने की सलाह भी दी गई है। इसके अलावा नींबू पानी, लस्सी, छाछ, जलजीरा, आम पन्ना, नारियल पानी और अन्य स्थानीय प्राकृतिक पेय पदार्थ पीने की सिफारिश की गई है।स्वास्थ्य विभाग ने तरबूज, खरबूजा, खीरा, संतरा और अन्य अधिक पानी वाले मौसमी फल व सब्जियां खाने की सलाह दी है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
धूप से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
एडवाइजरी के अनुसार लोगों को सीधी धूप में जाने से बचना चाहिए। घर या दफ्तर में ठंडी और हवादार जगह पर रहने की सलाह दी गई है। पतले, ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने को कहा गया है। विभाग ने सिर को ढककर रखने के लिए छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही धूप में बाहर निकलते समय जूते या चप्पल पहनना जरूरी बताया गया है। घर की खिड़कियां और पर्दे दिन में बंद रखने और रात के समय खोलने की अपील की गई है, ताकि घर ठंडे रह सकें।
इन लोगों का खास ध्यान रखने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि कुछ लोग हीटवेव के दौरान ज्यादा खतरे में रहते हैं। इनमें छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बाहर काम करने वाले लोग, मानसिक बीमारी से पीड़ित व्यक्ति, दिल या ब्लड प्रेशर के मरीज और अकेले रहने वाले बुजुर्ग शामिल हैं। ऐसे लोगों की नियमित देखभाल और जांच करने की अपील की गई है।
क्या न करें? विभाग ने जारी की हिदायतें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बिना जरूरत धूप में बाहर न जाने की सलाह दी है। दोपहर के समय भारी मेहनत या कठिन शारीरिक गतिविधियों से बचने को कहा गया है। इसके अलावा शराब, चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक और ज्यादा शक्कर वाले पेय पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी बढ़ सकती है। विभाग ने बासी खाना न खाने और बच्चों या पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ियों में अकेला न छोड़ने की भी अपील की है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, यूटी चंडीगढ़ ने लोगों से हीटवेव के दौरान सतर्क रहने और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि गर्मी से होने वाली बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचा जा सके।

