पंजाब में रूह कंपा देने वाली वारदात, सो रहे व्यक्ति की बेरहमी से की हत्या

punjabkesari.in Wednesday, May 08, 2024 - 11:09 AM (IST)

होशियारपुर/मेहटियाना  : थाना मेहटियाना के अंतर्गत आने वाले गांव साहरी में कल देर रात उस समय दहशत का माहौल हो गया। जब गांव के बाहरी इलाके में स्थित एक हवेली में सुखविंदर सिंह उर्फ काका की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलते ही मेहटियाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या की घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सुखविंदर सिंह उर्फ काका पुत्र सुखदेव सिंह मवेशियों की देखभाल के लिए गांव के बाहरी इलाके में हरिया बाबा नाम के व्यक्ति के साथ उसकी हवेली में सोता था। कल रात भी वे हवेली में सोने गए थे। देर रात हरिया बाबा घायल अवस्था में घर आए और बताया कि कुछ हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जब ग्रामीण एकत्रित होकर हवेली में पहुंचे तो देखा कि सुखविंदर सिंह उर्फ ​​काका का खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा था जिसके पैर और हाथ रस्सी से बिस्तर से बंधे हुए थे। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी और मेहटियाना पुलिस स्टेशन से एच.एस.ओ. इंस्पैक्टर उषा रानी सहित पुलिस पार्टी मौके पर पहुंचीं और घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी। थाना मेहटियाना पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना की जांच के लिए आसपास के सी.सी.टी.वी. के फुटेज की जांच शुरू कर दी है। मेहटियाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया। हरिया बाबा को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल होशियारपुर में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Recommended News

Related News