पटियाला के बाद लुधियाना में हाई अलर्ट, पुलिस ने घेरा रेलवे स्टेशन, खंगाला चप्पा-चप्पा
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 07:07 PM (IST)
लुधियाना (राज): पटियाला के नजदीक रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश होने के बाद पूरे राज्य में पैदा हुए तनावपूर्ण हालातों के बीच लुधियाना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए साजिश रचने वाले आरोपियों को दबोच लिया है, लेकिन खतरे की आशंका को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है। इसी के चलते आज लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और जी.आर.पी. ने संयुक्त रूप से शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर बड़ा ऑपरेशन चलाया।
शहर की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए ए.डी.सी.पी. जोन-1 और ए.सी.पी. डिटेक्टिव-1 के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन पर 'कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन' (CASO) चलाया गया। इस दौरान जोन-1 के सभी थानों के एस.एच.ओ. अपनी विशेष टीमों के साथ स्टेशन के कोने-कोने को छानते नजर आए। पटियाला की घटना के बाद रेलवे नेटवर्क पर मंडराते खतरे को देखते हुए पुलिस का यह सर्च अभियान काफी सघन रहा, जिससे यात्रियों में भी सुरक्षा का भाव देखने को मिला। इस विशेष जांच अभियान के दौरान मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वाड की मदद से यात्रियों के सामान और स्टेशन पर रखी लावारिस वस्तुओं की बारीकी से चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने न केवल प्लेटफॉर्म पर मौजूद संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की, बल्कि रेलगाड़ियों के भीतर घुसकर भी तलाशी ली। पुलिस प्रशासन ने जनता को आश्वस्त किया है कि वे नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह वचनबद्ध हैं और किसी भी असामाजिक तत्व को शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते टाला जा सके।



