Ludhiana के पॉश इलाके में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, CCTV खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 10:12 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर के पॉश इलाके भारत नगर चौक के पास चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर पुलिस की मुस्तैदी को चुनौती दे दी है। शातिर चोरों ने बंद मकान के ताले चटकाकर वहां रखी लाखों की ज्वेलरी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की वारदात से इलाके में फैल सनसनी
इस बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। मकान मालिक जब घर पहुंचा और अलमारियों के टूटे हुए लॉक देखे, तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। पुलिस को दिए बयान में हरप्रीत सिंह ने बताया कि मकान नंबर 230, भारत नगर चौक उनका यह मकान पिछले कुछ समय से बंद पड़ा था और अंदर काफी कीमती सामान रखा हुआ था। 7 अप्रैल की शाम करीब 7:00 बजे जब वह मकान का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो देखा कि कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरों ने अलमारी को खंगालते हुए करीब 5-6 तोले सोने का छत्र, 5-6 तोले का सोने का मंगलसूत्र, एक लेडीज गोल्ड सेट, करीब 4-5 तोले की सोने की बालियां और 3 तोले के सोने के कंगन चोरी कर लिए। गहनों के साथ-साथ चोर चांदी का एक गिलास, 10-12 चांदी के सिक्के और बैंक ऑफ इंडिया के लॉकर की चाबी भी अपने साथ ले उड़े। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए चोर किस रास्ते से आए और कितनी देर तक घर के अंदर रहे।

