घर की छत पर गिरा गोली का खोल, बाल-बाल बचीं दो छात्राएं; इलाके में सनसनी

punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 11:45 AM (IST)

लुधियाना( स्याल, राज): महानगर में हथियारों के अंधाधुंध प्रदर्शन और कथित हवाई फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा सनसनीखेज मामला थाना डिवीजन नंबर-3 के अधिकार क्षेत्र में पड़ते महाराजा रणजीत सिंह पार्क इलाके से सामने आया है, जहां एक रिहायशी मकान की छत पर अचानक गोली का खोल आ गिरा। गनीमत यह रही कि उस समय छत पर मौजूद दो छात्राएं इसकी सीधी चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं, अन्यथा कोई बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। 

छत पर बैठी थीं दो छात्राएं, अचानक समीप आ गिरा गोली का खोल
सोशल मीडिया पर सामने आई एक वीडियो में कांग्रेस नेता मंगा शर्मा ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि महाराजा रणजीत सिंह पार्क इलाके में तारकेश्वर नाथ का परिवार निवास करता है। रोजाना की तरह उनकी दो बेटियां घर की छत पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान आसमान की तरफ से सनसनाती हुई कोई चीज आई और तेज आवाज के साथ छात्राओं के बिल्कुल समीप आ गिरी। जब छात्राओं ने पास जाकर देखा, तो वह किसी हथियार से चली गोली का गर्म खोल (कारतूस का खोल) था। अचानक हुए इस घटनाक्रम से दोनों छात्राएं बुरी तरह सहम गईं और उन्होंने घबराकर तुरंत नीचे भागते हुए अपने माता-पिता को पूरी बात बताई।

पुलिस चौकी में टालमटोल: 'अधिकारी बोले, शिकायत सुबह देना'
घटना की गंभीरता को तुरंत शिंगार सिनेमा के नजदीक स्थित पुलिस चौकी पहुंचे, ताकि मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज करवाकर फायरिंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करवाई जा सके। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि जब वे चौकी में मौजूद पुलिस अधिकारी के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी, तो अधिकारी ने मामले को संवेदनशीलता से लेने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना रवैया दिखाया। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी ने कहा कि 'इस घटना की शिकायत सुबह देना' और उन्हें बैरंग वापस लौटा दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News