हिमाचल एंट्री टैक्स का जवाब: पंजाब में निहंगों ने शुरू की ‘खालसा टैक्स’ वसूली

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 12:11 PM (IST)

पठानकोट : हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बाहरी राज्यों के वाहनों पर लगाए जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में अब मामला और गरमा गया है। पंजाब में निहंग जत्थेबंदियों ने जवाबी कदम उठाते हुए ‘खालसा टैक्स’ की वसूली शुरू कर दी है। इस अभियान की अगुआई निहंग संगठन तरना दल कर रहा है।

बुधवार से कुल्लू–मनाली हाईवे पर कीरतपुर साहिब के पास हिमाचल में प्रवेश करने वाले वाहनों से टैक्स वसूला जा रहा है। निहंगों की मौजूदगी के चलते इलाके में सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क नजर आ रही हैं।

वाहनों से तय दरों पर हो रही वसूली

तरना दल के निहंग अच्छर सिंह के मुताबिक, छोटी गाड़ियों और कारों से 100 रुपये, छोटे कॉमर्शियल वाहनों से 200 रुपये, जबकि बड़े वाहनों से 300 से 500 रुपये तक की राशि ली जा रही है। इसके साथ ही दोपहर 3 बजे तक गांव मोड़ा के समीप हाईवे जाम करने की चेतावनी भी दी गई है।

गैरकानूनी टैक्स के सवाल पर दिया जवाब

इस टैक्स को अवैध बताए जाने पर निहंग अच्छर सिंह ने कहा कि यह राशि “सरबत के भले” के लिए इस्तेमाल की जाएगी और किसी पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा। उन्होंने दावा किया कि NHAI द्वारा लिया जाने वाला टोल सड़कों के निर्माण और रखरखाव के लिए होता है, जबकि हिमाचल सरकार का टैक्स “जबरन वसूली” जैसा है।

सरकारों को खुली चेतावनी

निहंगों ने साफ शब्दों में कहा कि अगर उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने पंजाब और हिमाचल—दोनों सरकारों को चेतावनी दी कि वे किसी भी टकराव के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

हिमाचल एंट्री टैक्स विवाद की पूरी पृष्ठभूमि

1975 से लागू है एंट्री टैक्स

हिमाचल प्रदेश में वाहनों से एंट्री टैक्स वसूलने की व्यवस्था कोई नई नहीं है। यह नियम वर्ष 1975 में लागू हुए हिमाचल प्रदेश टोल्स एक्ट के तहत बनाया गया था।

2025 में पहली बढ़ोतरी

1 अप्रैल 2025 को हिमाचल सरकार ने टैक्स दरों में मामूली इजाफा 

कार/जीप/वैन: ₹70
6–12 सीटर वाहन: ₹110
ट्रैक्टर: ₹70
भारी वाहन: ₹720
फरवरी 2026 में बड़ा झटका

फरवरी 2026 में नई टोल नीति लाकर कई श्रेणियों में टैक्स बढ़ाया

कार/जीप/वैन: ₹70 से बढ़ाकर ₹170
6–12 सीटर: ₹130–170
ट्रैक्टर: ₹100
भारी वाहन: ₹900
पंजाब-हरियाणा में भड़का विरोध

इस फैसले के बाद पंजाब और हरियाणा में ट्रांसपोर्टर्स और टूरिस्ट संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया। लगातार प्रदर्शन और दबाव के बीच सरकार को पीछे हटना पड़ा। विवाद बढ़ने पर 31 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दखल दिया और निजी कारों सहित कुछ श्रेणियों में बढ़ोतरी वापस लेने का ऐलान किया।

मौजूदा एंट्री टैक्स दरें

फिलहाल हिमाचल में यह दरें लागू हैं—

कार/जीप/वैन: ₹100
6–12 सीटर वाहन: ₹130
ट्रैक्टर: ₹100
भारी वाहन: ₹800

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News