हाजीपुर में बेकाबू ट्राले का कहर: घर में घुसा, बड़ा हादसा टला

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 02:32 PM (IST)

हाजीपुर (जोशी): हाजीपुर-तलवाड़ा मुख्य मार्ग पर गांव ललोता में तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्राला बेकाबू होकर सड़क किनारे बने एक घर के गेट और दीवार से जा टकराया, जिससे दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

हादसे के कारणों की जांच जारी
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। हाजीपुर की ओर से आ रहा ट्राला अचानक गलत दिशा में मुड़ गया और सीधे घर से टकरा गया। चश्मदीदों का कहना है कि अगर घर के आगे नाला न होता, तो ट्राला घर के अंदर घुस सकता था और बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने या तेज रफ्तार के कारण यह घटना हुई।

इलाके के लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष
घटना के बाद इलाके के लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों की भरमार है, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोडिंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News