होशियारपुर में डेंगू का प्रकोप जारी, मरीजों का आंकड़ा 65 तक पहुंचा

punjabkesari.in Saturday, Nov 07, 2026 - 12:48 PM (IST)

होशियारपुर (जैन): जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। अब तक डेंगू के 65 मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि चिकनगुनिया के 5 मामले भी दर्ज किए गए हैं। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी की रोकथाम के लिए जागरूकता और जांच अभियान तेज कर दिया है।

सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों पर जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और डेंगू प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में घर-घर जाकर जांच की गई। कुल 1,623 घरों की जांच के दौरान 37 स्थानों पर मच्छरों का लारवा मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मौके पर ही लारवा को नष्ट किया और जरूरत के अनुसार लार्वीसाइड दवा का छिड़काव भी किया। साथ ही लोगों को डेंगू, मलेरिया और मच्छरों से फैलने वाली अन्य बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

डॉ. जगदीप सिंह ने बताया कि होशियारपुर शहर में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की 9 टीमें रोजाना अलग-अलग इलाकों में घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। टीमें पानी जमा करने वाले बर्तनों और अन्य स्थानों की जांच करती हैं, ताकि मच्छरों के पनपने पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करें।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News