होशियारपुर में तेंदुए की हलचल, खेतों की ओर जाने से डर रहे लोग

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 03:28 PM (IST)

होशियारपुर: जिले के गांव विच्छोही में सोमवार देर रात तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। खेतों के पास झाड़ियों में तेंदुआ नजर आने पर लोगों ने टॉर्च की रोशनी दिखाई और शोर मचाया। इसके बाद तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया और अंधेरे में ओझल हो गया। घटना के बाद गांव के लोगों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार रात कुछ लोग खेतों के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान झाड़ियों के पास हलचल दिखाई दी। जब लोगों ने टॉर्च जलाकर देखा तो वहां तेंदुआ नजर आया। उसे देखकर लोग सतर्क हो गए और उसे भगाने के लिए शोर मचाने लगे। लोगों की आवाज सुनकर तेंदुआ वहां से निकलकर खेतों की तरफ चला गया।

किसानों और राहगीरों में बढ़ी चिंता

गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी तेंदुआ दिखाई देने की बात सामने आती रही है। ऐसे में ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ रात के समय शिकार की तलाश में खेतों और रिहायशी इलाकों के आसपास आ सकता है। इससे खेतों में काम करने वाले किसानों, मजदूरों और रात में आने-जाने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की आवाजाही के कारण लोग रात के समय खेतों की तरफ जाने से बच रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।

वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग

तेंदुआ दिखाई देने की घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही, तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की अपील की गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News