होशियारपुर में बड़ी वारदात! 45 वर्षीय व्यक्ति की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर ह+त्या

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 03:45 PM (IST)

होशियारपुर: जिले में एक किराना दुकान से कर्मचारी को निकाले जाने के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। झगड़े के दौरान 45 वर्षीय मुख्तियार सिंह उर्फ बिल्ला की कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान हरियाणा थाना क्षेत्र के गांव बस्सी बहादर निवासी मुख्तियार सिंह उर्फ बिल्ला (45) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमनदीप उर्फ मनु, शाम, अनिल कुमार उर्फ बंटी, राहुल कुमार और गोविंदा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी अमनदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

दुकान से निकाले जाने के बाद हुआ विवाद
पुलिस जांच के मुताबिक, यह घटना 19 जुलाई की है। अमनदीप को एक दिन पहले किराना दुकान से नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद वह अपने साथी शाम के साथ दुकान पर पहुंचा और कथित तौर पर दुकान मालिक के भाई राम मूर्ति पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान मुख्तियार सिंह और गांव के सरपंच बीच-बचाव के लिए पहुंचे। इसी दौरान आरोपी अमनदीप ने मुख्तियार सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल ले जाते समय भी दी धमकी
पुलिस के अनुसार, घायल मुख्तियार सिंह को इलाज के लिए भूंगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तीन अन्य आरोपियों ने हरियाणा के दशहरा ग्राउंड के पास कथित तौर पर वाहन रोककर पीड़ित परिवार को धमकाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मुख्तियार सिंह को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News