China से सस्ते iPhone का लालच पड़ा भारी, कारोबारी से 22.20 लाख रुपए की धोखाधड़ी

punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 11:51 AM (IST)

लुधियाना, (राज): चीन से सस्ते विदेशी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और आईफोन (iPhone) के आयात-निर्यात के नाम पर व्यापारियों को चूना लगाने वाले शातिरों का एक नया मामला सामने आया है। चीन से सस्ते सेकंड-हैंड आईफोन मंगवाकर भारत के बाजार में मोटे मुनाफे पर बेचने का लालच देकर एक व्यक्ति से 22 लाख 20 हजार रुपये की भारी-भरकम ठगी की गई है।

पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा करवाई गई लंबी व गहन पड़ताल के बाद सुनील कुमार की शिकायत पर आरोपी सुरिंदर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत आपराधिक मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने आरोप लगाया था कि सुरिंदर सिंह नामक व्यक्ति ने उसके साथ जान-पहचान बढ़ाई और खुद को बड़े अंतरराष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक व्यापार से जुड़ा हुआ बताया। आरोपी ने दावा किया कि उसकी चीन में सीधी पहुंच है, जहां से वह भारी मात्रा में सेकंड-हैंड व रीफर्बिश्ड आईफोन बेहद सस्ते दामों पर भारत मंगवाता है और यहां उन्हें ऊंचे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जा सकता है।

आरोपी सुरिंदर सिंह के मीठे झांसे और व्यावसायिक मुनाफे के वादों में आकर पीड़ित सुनील कुमार ने व्यापार में साझेदारी के तहत अलग-अलग समय पर कुल 22,20,000/- रुपये (बाईस लाख बीस हजार रुपये) की रकम आरोपी के हवाले कर दी। पूरी रकम हासिल करने के बाद आरोपी ने माल की खेप मंगवाने के नाम पर टालमटोल शुरू कर दी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब चीन से कोई आईफोन नहीं आया और न ही निवेश का कोई हिसाब दिया गया, तो सुनील कुमार को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। जब पीड़ित ने अपनी पूरी 22.20 लाख रुपये की रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और जानबूझकर मुद्दई को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया। इसके बाद सुनील कुमार ने पुलिस प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News