घुटनों की सर्जरी में इंप्लांट का खेल! विदेशों से महंगे बिक रहे लोकल इंप्लांट
punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 07:04 PM (IST)
लुधियाना (सहगल): पिछले कुछ समय से घुटने की सर्जरी का चलन इतना बढ़ गया है । जिसके चलते कौन ज्यादा सर्जरी करेगा ऑर्थोपेडिशियन में इस बात की भी होड़ लगी हुई है। यह लोक सेवा के लिए जद्दोजहद नहीं बल्कि सर्जरी के पीछे मोटी कमाई का जरिया एक आकर्षण का केंद्र बन गया है। इस धंधे में डॉक्टर के साथ इंप्लांट बनाने वाली कंपनी और डीलर सब शामिल है। अधिकतर डाक्टर कंपनी के टेक्नीशियन से ही इंप्लांट फिट करवा रहे हैं। इंप्लांट की कीमत और सर्जरी के बिल में भारी अंतर है अधिक बचत का लालच डॉक्टर को जल्लाद बनने पर मजबूर कर रहा है और मरीजों को बकरा बनाया जा रहा है यही कारण है कि जो मरीज दवा से ठीक हो सकता है उसे भी सीधे घुटना प्रत्यारोपण की सर्जरी करने के लिए कहा जा रहा है। आम तौर पर घुटने की सर्जरी के लिए 1,50,000 से 2,50,000 रुपए एक घुटने के लिए मरीज से लिए जाते हैं। मेट्रो सिटीज में घुटनों की सर्जरी और भी अधिक महगी है।
लोकल बनने लगे इंप्लांट डॉक्टर को पड़ता सस्ता, मरीज को महंगा
पहले घुटने की सर्जरी के लिए इंप्लांट विदेश से मंगवा जाते थे परंतु अब यह स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हैं लुधियाना, अमृतसर और अहमदाबाद में इंप्लांट बनाने की फैक्ट्री लग चुकी हैं जहां से 25 से 35 हजार रुपए में इंप्लांट उपलब्ध करा दिया जाता है। परंतु मरीज से इसके अन्य खर्चो सहित डेढ से 2 लाख रुपए आराम से ले लिए जाते हैं मरीज को बिल 110000 रुपए के आसपास किया जाता है बड़े शहरों में तो इस सर्जरी के रेट और भी ज्यादा है। इसके अलावा इस सर्जरी में मुनाफे को देखते हुए कई गैर कानूनी फैक्ट्रियो की संख्या भी मशरूम की तरह उभर कर सामने आयी है जो इससे भी कम कीमत पर इंप्लांट उपलब्ध करा रहे हैं ग्रामीण और दूर के इलाकों में स्थित अस्पतालों को सीधे तौर पर सप्लाई की जा रही है। इंप्लांट में लगने वाले नट बोल्ट भी जगह-जगह उपलब्ध है जिसे 20 रुपए में खरीद कर मरीज को 3000 में दिया जाता है। सूत्रों ने बताया कि जुगाड़ू कंपनी के नट कई बार मरीज के हड्डी में फिट करते समय टूट जाते हैं जिसे निकलते समय मरीजों को भीष्म दर्द का सामना करना पड़ता है।
लोकल माल पर लग जाती है विदेशी मोहर
इस काम में जुटे एक व्यक्ति ने बताया कि ऐसा नहीं कि यहां बनने वाले इंप्लांट किसी तरह विदेशी इंप्लांट से कम है अब तो स्थानीय इंप्लांट अमेरिका-जर्मन सहित कई देशों में निर्यात किया जा रहे हैं लोकल उत्पादों की कीमत बढ़ाने के लिए पहले इंप्लांट को जर्मन भेजा जाता है वहां से स्टांप होकर वापस आकर महंगे भाव से बिकता है जबकि गैर कानूनी तौर पर काम कर रहे लोग यहीं पर अपने इंप्लांट में विदेशी मोहर लगा देते हैं।
गैरकानूनी मुनाफा, क्रेडिट नोट का खेल
इंप्लांट की कमाई के लिए सरकार द्वारा लाभ प्रतिशत निर्धारित किए हुए हैं परंतु जब डीलर द्वारा 35,000 तक मिले लोकल इंप्लांट को 1,10,000 का अस्पताल को बिल कर दिया जाता है तो फिर यह गैर कानूनी मुनाफे की श्रेणी में आ जाता है। बाद में अस्पताल को कीमतों में गैप के लिए क्रेडिट नोट जारी कर दिया जाता है। परंतु अस्पताल मरीजों से पूरे पैसे वसूल लेता है। किसी भी कंपनी का इंप्लांट लगाने पर डॉक्टर को कंपनी से सीधे तौर पर कमिश्नन का हिस्सा दिया जाता है।
करोड़पति बनने के लिए एक महीने में 40 से 45 सर्जरी काफी
सर्जरी के क्षेत्र में और बाजार में यह आम चर्चा है कि छोटे अथवा मध्यम आकार के अस्पतालों में डॉक्टर को इतना मुनाफा नहीं होता जितना कॉर्पोरेट अस्पताल के डॉक्टर को होता है। मात्र 40 सर्जरी महीने की करके उसके करोड़पति बनने के प्रबल आसार बन जाते हैं। क्योंकि इंप्लांट के अलावा उसे दवाइयो, डायग्नोस्टिक टेस्ट, ओपीडी फीस तथा अन्य खर्चों में भी अस्पताल से शेयर मिलता है। विदेशी इंप्लांटों की कंपनियों ने अपने हर इंप्लांट पर डॉक्टरो को दुगनी कमीशन देने की ऑफर पेश कर दी बताई जाती है। कई डॉक्टर तो हर महीने करोड़पति बनने का रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं।
मरीजो के साथ बीमा कंपनियां को भी लग रहा है चूना
इस सारे खेल में मरीज के साथ-साथ बीमा कंपनियां भी बलि का बकरा बन रही है क्योंकि ऑपरेशन का सारा आर्थिक बोझ मरीजो के साथ-साथ बीमा कंपनियां भी वहन करती आ रही हैं जिससे कॉरपोरेट अस्पतालों की हर दिन दिवाली है बस घुटनों की रिप्लेसमेंट के लिए मरीज आने चाहिए। जो क्रेडिट नोट डीलर के द्वारा अस्पतालों को जारी किया गया क्रेडिट नोट उससे आगे बीमा कंपनियों को नहीं दिया जाता बल्कि मरीज का सारा बिल अगर उसकी इंश्योरेंस है तो बीमा कंपनी से वसूल लिया जाता है।
सर्जरी करें टेक्नीशियन, बिल वसूले सर्जन
शहर में जिस डॉक्टर का अधिक काम है उसे कंपनी अथवा डीलर द्वारा टेक्नीशियन सहायक के तौर पर दिए जाते हैं जो ऑपरेशन के समय इंप्लांट के 7-8 सेट लेकर अस्पताल पहुंचते हैं और इंप्लांट को मरीज के घुटनों में फिट करके बाकी इंप्लांट वापस ले जाते हैं। ऐसे में घुटने की सर्जरी का मुख्य काम टेक्नीशियन करते है। डॉक्टरों की सहूलियत के लिए कंपनियों अथवा डीलरों द्वारा 50 से अधिक टेक्नीशियन वेतन पर रखे हुए बताए जाते हैं। आने वाले दिनों में इस खेल में कई खुलासे और हो सकते हैं। बहुत कम डॉक्टर है जो इस खेल में शामिल नहीं है और मरीजों के स्वयं ऑपरेशन करने में यकीन रखते हैं पर इनकी संख्या नाम मात्र की बताई जाती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

