सऊदी अरब में पंजाब, केरल व तमिलनाडु की लड़कियों को बनाया गया बंधक!

punjabkesari.in Tuesday, Jul 18, 2017 - 05:37 PM (IST)

जालन्धर (धवन): पंजाब, केरल, तमिलनाडु व कुछ अन्य राज्यों से काम करने के लिए सऊदी अरब में गई भारतीय लड़कियों को बंधक बनाने की सूचनाएं मिली हैं। पंजाब के गुरदासपुर व होशियारपुर से संबंधित 2 लड़कियों ने वहां पंजाबी नौजवानों को बताया है कि उन्हें टार्चर किया जा रहा है। उनकाे वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। वह वापस पंजाब आना चाहती है। यह लड़कियां सऊदी अरब में रोजगार के उद्देश्य से गई थी। सऊदी अरब से कुछ पंजाबी नौजवानों ने भारत सरकार से कहा कि वह इस संबंध में सऊदी अरब सरकार के साथ बातचीत करके पंजाबी व अन्य राज्यों की लड़कियों को रिहा करवाएं। उनकी स्थिति बंधक बनाने जैसी बनी हुई है। 

इन पंजाबी लड़कों ने अपना नाम न बताने की शर्त पर बताया कि जब यह लड़कियां स्वदेश जाने की बात करती हैं तो उन्हें कोरा जवाब दे दिया जाता है। उनके पासपोर्ट भी शेख लोगों ने अपने पास रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैवल एजैंट पंजाबी लड़कियों को रोजगार दिलवाने के बहाने सऊदी अरब भेज तो देते हैं परन्तु वहां आकर उन्हें लोगों के घरों में काम करना पड़ रहा है। 

यह भी बताया गया है कि रात के समय लड़कियों को कमरों में बंद कर दिया जाता है। कुछ लड़कियां तो शेखों के घर में खाना बनाने का कार्य करती हैं। कई महीनों से उन्हें मासिक वेतन भी नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब से लोगों को सऊदी अरब आने की जरूरत नहीं है क्योंकि वहां अब रोजगार के अवसर भी बहुत कम रह गए हैं। कई कम्पनियां बंद हो गई हैं या बंद होने के कगार पर पहुंची हुई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लड़कियों ने तो उन्हें मारपीट के निशान भी दिखाए हैं क्योंकि जब वह घर जाने की बात करती हैं तो उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है। युवकों ने केंद्रीय विदेश सुषमा स्वराज तथा पंजाब के मुख्यमंत्री की कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को इस मामले में दखल देने की मांग की है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News