दिनदहाड़े घर में घुस व्यक्ति ने दिया वारदात को अंजाम, इलाके में दहशत

punjabkesari.in Thursday, Oct 17, 2024 - 05:56 PM (IST)

नूरपुरबेदी (भंडारी): क्षेत्र के गांव ठाणा में दिनदहाड़े चोरी की नीयत से एक बंद घर में पहले से ही दाखिल हुआ एक व्यक्ति 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बालियां छीन कर फरार हो गया। यहीं नहीं उक्त चोर ने महिला द्वारा शोर मचाने पर उसका कपड़े से गला घोंटने का प्रयास किया वहीं पत्थर से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और फरार हो गया। बुजुर्ग महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ के 32 सैक्टर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बुजुर्ग राम कली पत्नी स्व. विशन दास अपनी बड़ी बहन के साथ गांव की डिस्पैंसरी से लौटकर घर में दाखिल हुई तो उसे घर के एक कमरे से कुछ आवाज सुनाई दी। जब उसने देखा कि कोई कमरे में चोरी कर रहा है तो उसने शोर मचाने का प्रयास किया। लेकिन उक्त व्यक्ति ने पहले उस पर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, फिर कपड़े के पर्ने से उसका गला घोंटकर उसे मारने का प्रयास किया।

इसी बीच उक्त हमलावर अंदर से कुंडी लगा कर दीवार फांदकर फरार हो गया। करीब डेढ़ घंटे बाद खून से लथपथ हुई वृद्ध महिला किसी तरह कमरे से आंगन में पहुंची तो पड़ोस में रहती उसकी बड़ी बुजुर्ग बहन विद्या देवी चीखों की आवाज सुन कर छत के रास्ते मदद के लिए उसके घर पहुंची और दरवाजा खोल कर गांववासियों को मदद के लिए बुलाया।

गांववासियों ने बताया कि बेहोश होने से पहले उक्त महिला ने उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि सोने की बालियां छीने जाने के अलावा उसका क्या नुकसान हुआ, वृद्ध महिला के परिजन पता लगा रहे हैं। जबकि बुजुर्ग महिला का चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है। गांव के सरपंच विशाल शर्मा, बाल किशन कुक्कू, हरदयाल खटड़ा, हरजिंदर सिंह, हरिपाल चेतल, अमृत लाल व पंच दर्शन सिंह ने कहा कि गांव की घनी आबादी में हुई इस घटना से लोगों के मन में डर का माहौल है।

बुजुर्ग महिला की हालत स्थिर : पुलिस प्रमुख ढिल्लों

थाना प्रमुख गुरविंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि बुजुर्ग महिला की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पता चला है कि सोने की बालियां छीनी गई हैं और पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया जा रहा है। वहीं मामले की जांच की जा रही है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News