इंदर कौर मर्डर केस में बड़ा एक्शन: कातिल NRI सुक्खा का लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 02:25 PM (IST)
लुधियाना (राज): पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर हत्याकांड में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शादी से इनकार करने पर अपनी सिंगर गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर विदेश भागे मुख्य हत्यारोपी और एनआरआई (NRI) बॉयफ्रेंड सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी बराड़ के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के हाथ इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में कई ऐसे पुख्ता और अहम सबूत लगे हैं, जिनके दम पर आरोपी सुक्खा को कनाडा से प्रत्यर्पित (डिपोर्ट) करवाकर वापस लुधियाना लाया जाएगा।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के तार अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस की कई टीमें इस केस में नेपाल के रास्तों से जुड़े लिंक खंगाल रही हैं, क्योंकि अंदेशा है कि आरोपी ने भागने के लिए नेपाल रूट का इस्तेमाल करने की कोशिश की है। इसके साथ ही इस खूनी साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे, इसे लेकर भी पुलिस की तफ्तीश बेहद आक्रामक हो गई है। उधर अस्पताल में डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा मृतका इंदर कौर के शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद जो रिपोर्ट सामने आई है, उसने इस कत्ल की बेरहमी को बयां कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, कातिलों ने सिंगर को बेहद करीब से दो गोलियां मारी थीं। पहली गोली इंदर कौर की छाती के दाहिनी तरफ लगी जो शरीर को चीरती हुई आर-पार निकल गई, जबकि दूसरी गोली सीधे उनके माथे में दागी गई थी, जो सिर के अंदर ही फंसी रह गई।
यहां बता दे कि कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह ने बीती 13 मई की रात को सुखविंदर के साथ उसका पिता प्रीतम सिंह और उसके दो दोस्त करमजीत सिंह व रविंदर सिंह रवि ने इंदर को किडनैप किया और फिर गाड़ी के अंदर ही उसकी गोलियां मारकर हत्या कर दी। साक्ष्यों को मिटाने के लिए आरोपियों ने रात के अंधेरे में इंदर की लाश को नीलो नहर में फेंक दिया और उसकी कार को वहां से 7 किलोमीटर दूर रामपुर गांव के पास नहर में ढकेल दिया। घटना के 6 दिन बाद 19 मई को इंदर कौर का शव पानी में पड़े रहने के कारण पूरी तरह फूल चुका था, जिसे पुलिस ने बंद पड़े टोल प्लाजा के पास एक सूखे पेड़ में फंसा हुआ बरामद किया। फिलहाल, लुधियाना पुलिस मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह सुक्खा को दबोचने के लिए हर मुमकिन कानूनी और कूटनीतिक रास्ता अपना रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही देश छोड़कर भागे इस कातिल को सलाखों के पीछे लाकर इंदर कौर को इंसाफ दिलाया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

