फिर चर्चा में आई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, क्लब में हुक्का और शराब के साथ Video Viral

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 07:47 PM (IST)

लुधियाना (गणेश सचिन): सोशल मीडिया पर अपनी रील्स को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली एक लुधियाना की इन्फ्लुएंसर एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार उसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह क्लब के अंदर कथित तौर पर हुक्का और शराब के साथ नजर आ रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोगों के बीच बहस छिड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में युवती क्लब के माहौल में पंजाबी गाने पर रील बनाती दिखाई दे रही है। रंग-बिरंगी रोशनी और पार्टी जैसे माहौल के बीच वह हाथ में हुक्का और ड्रिंक लिए नजर आती है। वीडियो के एक हिस्से में वह शैंपेन की बोतल खोलकर खुद पर उड़ेलती हुई भी दिखाई देती है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इससे पहले भी यही इन्फ्लुएंसर लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित एलिवेटेड पुल पर रील बनाने को लेकर विवादों में रह चुकी है। उस मामले में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

करीब 2 महीने पहले युवती के 2 वीडियो सामने आए थे, जिनमें वह एलिवेटेड पुल पर ट्रैफिक के बीच मॉडलिंग स्टाइल में रील बनाती दिखाई दी थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवती और उसके सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।

सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग

युवती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी सक्रिय है। इंस्टाग्राम पर उसके ढाई लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और वह खुद को ब्लॉगर एवं कंटेंट क्रिएटर बताती है। उसके अकाउंट पर लाइफस्टाइल, फिटनेस और फैशन से जुड़ी कई रील्स और पोस्ट मौजूद हैं।

हुक्का को लेकर क्या कहते हैं नियम?

पंजाब में हुक्का बार और हुक्का सर्विस पर प्रतिबंध लागू है। सरकार द्वारा किए गए कानूनी प्रावधानों के तहत व्यावसायिक रूप से हुक्का उपलब्ध कराना या परोसना अपराध की श्रेणी में आता है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस का क्या कहना है?

मामले को लेकर एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे वीडियो की पहले तकनीकी और फोरेंसिक जांच की जाती है। वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाती है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जबकि लोगों की नजर अब इस बात पर है कि संबंधित मामले में प्रशासन की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News