Ludhiana के पोलिंग बूथों पर इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर का औचक निरीक्षण, वोटर फॉर्म की जांच

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 03:44 PM (IST)

लुधियाना (राज): मतदाता सूचियों की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर  अर्शदीप सिंह थिंद (आईएएस) ने जिला लुधियाना के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आते मतदान केंद्रों (पोलिंग बूथों) का सघन फील्ड दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रहे मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण, नए वोटरों के नाम जोड़ने और संशोधन संबंधी कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने नए वोट बनाने के लिए प्राप्त फॉर्म नंबर 6 तथा वोटर कार्डों में विवरण दुरुस्त करवाने संबंधी प्राप्त फॉर्म नंबर 8 की मौके पर बारीकी से पड़ताल की।

विधानसभा क्षेत्र दाखा और रायकोट के बूथों का किया निरीक्षण

निर्वाचन प्रेक्षक अर्शदीप सिंह थिंद ने अपने दौरे की शुरुआत विधानसभा क्षेत्र 68-दाखा से की। उन्होंने मुल्लांपुर दाखा स्थित पोलिंग बूथों का दौरा कर नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए जमा किए गए 5 फॉर्म नंबर 6 की भौतिक जांच की। इसके उपरांत वे विधानसभा चुनाव क्षेत्र 69-रायकोट पहुंचे, जहां उन्होंने ब्लॉक सुधार के अंतर्गत पड़ते सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल (नई आबादी, अकालगढ़) के पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने नए वोट बनाने संबंधी 6 फॉर्म नंबर 6 के दावों और दस्तावेजों की पड़ताल की।

जगराओं के स्कूलों में पहुंचे ऑब्जर्वर, जांची प्रक्रिया

इसके पश्चात रोल ऑब्जर्वर ने विधानसभा हलका 70-जगराओं का रुख किया। उन्होंने स्कूल ऑफ एमिनेंस जगराओं और सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगराओं में स्थापित किए गए मतदान केंद्रों का गहन मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं व नए मतदाताओं द्वारा भरे गए 6 फॉर्म नंबर 6 की चेकिंग की और मौके पर मौजूद बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारियों) से पंजीकरण प्रक्रिया की प्रगति रिपोर्ट तलब की।

वोटर कार्ड दुरुस्ती के 48 फॉर्म-8 की जांच, BLOs का कार्य संतोषजनक

निरीक्षण के दौरान इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर ने केवल नए मतदाताओं के आवेदनों तक ही जांच सीमित नहीं रखी, बल्कि मतदाताओं द्वारा अपने पहचान पत्रों में नाम, पता या अन्य विवरणों के संशोधन (करैक्शन) के लिए भरे गए कुल 48 फॉर्म नंबर 8 की भी फील्ड में विशेष जांच की। सत्यापन के दौरान सभी फॉर्म और उनके संलग्न दस्तावेज पूरी तरह सही और नियमों के अनुरूप पाए गए। फील्ड विजिट के दौरान समस्त बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) द्वारा किए जा रहे कार्य और रिकॉर्ड रखरखाव को संतोषजनक पाया गया। थिंद ने उपस्थित निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा, मतदान सूची में शामिल होने से वंचित न रहें और संशोधन संबंधी आवेदनों का तय समय-सीमा में निस्तारण किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News