लुधियाना में अमेरिका से कनाडा भेजे जा रहे पार्सलों ने मचाया तहलका, गंभीरता से की जा रही जांच
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 10:39 AM (IST)
लुधियाना (सेठी): DRI की जोनल यूनिट लुधियाना ने ड्रग तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.118 किलोग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय मार्केट में अनुमानित कीमत करीब 60.59 लाख रुपये बताई जा रही है। डिपार्टमेंट के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, DRI को खास खुफिया जानकारी मिली थी कि लुधियाना पंजाब से बुक किए गए 7 पार्सल, जिन्हें अमेरिका और कनाडा भेजा जाना था, उनमें NDPS एक्ट 1985 का उल्लंघन करके प्रतिबंधित ड्रग्स छिपाकर भेजे जा रहे हैं।
जानकारी के आधार पर, DRI अधिकारियों ने लुधियाना के एक कूरियर ऑफिस में इन पार्सल को रोका और उनकी गंभीरता से जांच की। जांच के दौरान, पार्सल से कुल 30 पैकेट बरामद हुए, जिन्हें चालाकी से बर्तनों और एडल्ट्स डायपर पैड के अंदर छिपाया गया था। तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने के लिए घरेलू इस्तेमाल और खाने-पीने की चीज़ों के नाम पर ड्रग्स को विदेश भेजने की कोशिश की थी।
बरामद 30 पैकेट में कुल 12.118 किलोग्राम अफीम मिली, जिसे 31 जनवरी को NDPS एक्ट, 1985 के तहत ज़ब्त किया गया है। DRI अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में तस्करी में शामिल नेटवर्क, भेजने वाले और संभावित अंतरराष्ट्रीय लिंक की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि ड्रग तस्करी के खिलाफ DRI की कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

