जयवीर शेरगिल ने राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष के सामने खोली पंजाब की फाइल, बढ़ी सियासी अटकलें
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 05:00 PM (IST)
पंजाब डैस्क : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने नव-नियुक्त भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच पंजाब से जुड़े समसामयिक और अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक के दौरान जयवीर शेरगिल ने पंजाब में तेजी से बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराते हुए राज्य में बढ़ते अपराध, नशे की भयावह समस्या, बढ़ते कर्ज़ के बोझ और युवाओं में बढ़ती बेरोज़गारी पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
शेरगिल ने कहा कि पंजाब के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का सपना और संकल्प है कि राज्य में भाजपा की सरकार बने। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज पंजाब को अराजकता, नशा, कर्ज़ और बेरोज़गारी के अंधकारमय दौर से बाहर निकालने में केवल ‘डबल इंजन’ वाली मोदी सरकार ही सक्षम है।
जयवीर शेरगिल ने नव-निर्वाचित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से शीघ्र पंजाब दौरे का आग्रह किया और कहा कि पंजाब की जनता, विशेषकर भाजपा कार्यकर्ता, उनके आगमन की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा, दिशा और मजबूती प्रदान करेगा।

