Jalandhar में एक और Murder, दोस्त ने कुकर मार किया दोस्त का कत्ल
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 04:15 PM (IST)
जालंधर(वरुण): जालंधर के संतोखपुरा स्थित सराभा नगर में शराब के नशे में पैसों को लेकर हुए झगड़े के दौरान एक दोस्त ने दूसरे दोस्त के सिर पर कुकर मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रदीप निवासी फैजाबाद, उत्तर प्रदेश हाल निवासी सराभा नगर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना 8 की पुलिस ने आरोपी राजेश निवासी सराभा नगर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी और मृतक आपस में दोस्त थे।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदीप और राजेश एक ही फैक्ट्री में काम करते थे और एक ही कमरे में रहते थे। रात में दोनों शराब के नशे में थे और पैसों को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी राजेश ने गुस्से में आकर प्रदीप के सिर पर कुकर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रदीप जमीन पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पी.सी.आर.-16 के ए.एस.आई. सविंदर सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घायल को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच चल रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कितने पैसों को लेकर हत्या की गई और इसमें कोई और तो शामिल नहीं है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

