Jalandhar News: RTA रविंदर सिंह गिल की मौ+त, फ्लैट के बाथरूम में मिला शव
punjabkesari.in Wednesday, Dec 31, 2025 - 05:28 PM (IST)
जालंधर: जालंधर के रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आरटीए) रविंदर सिंह गिल के मौत की खबर सामने आई है। दरअसल, उनका शव जालंधर हाईट्स स्थित उनके फ्लैट के बाथरूम में बरामद किया गया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। 66 फुट रोड स्थित जालंधर हाइट्स-2 के एक फ्लैट में रहने वाले जालंधर के आरटीए रविंदर सिंह गिल की सुबह बाथरूम में हार्ट अटैक से मौत हो गई।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब काफी देर तक वह बाथरूम से बाहर नहीं निकले तो उनके ड्राइवर ने देखा कि वह फर्श पर गिरे पड़े हैं, उसने पुलिस को सुबह करीब 8.35 बजे सूचना दी। जिसके बाद थाना सदर की उपचौकी जालंधर हाइट्स के सब इंस्पैक्टर व इंचार्ज सुरजीत सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
चौकी इंचार्ज सुरजीत सिंह का कहना था कि रविंदर सिंह गिल के पास चंड़ीगढ हैड आफिस के चार्ज के अलावा विभाग ने उन्हें अतिरिक्त चार्ज देते हुए जालंधर में आर.टी.ए. लगाया था। जिस फ्लैट में वह रहते थे उनके साथ उनका ड्राइवर परगट सिंह भी रहता था। परगट सिंह ने पुलिस को बताया कि सुबह सही-सलामत वह जागे और बाथरूम गए थे। इंचार्ज सुरजीत सिंह ने बताया कि सरकारी मुलाजिम होने के कारण मृतक गिल के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

