जालंधर के रिहायशी इलाकों में 500 से अधिक घरों पर मंडराया खतरा, भड़के लोग

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 11:01 AM (IST)

जालंधर (खुराना): वार्ड नंबर 2 के तहत आते गदईपुर स्थित राजा गार्डन में सीवरेज लाइन डालने को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब नगर निगम की ओर से रविवार सुबह तड़के जेसीबी मशीन लगाकर सड़क खोदने का काम शुरू कर दिया गया। वार्ड पार्षद हरप्रीत वालिया ने आरोप लगाया कि तीन नंबर गली से चार नंबर गली की ओर जबरन सीवरेज पाइप लाइन डाली जा रही है, जबकि चार नंबर गली में पहले ही करीब 500 घर सीवरेज के पानी से प्रभावित हैं।

हरप्रीत वालिया ने कहा कि यदि इसी दिशा में सीवरेज लाइन डाली गई तो चार नंबर गली की समस्या और गंभीर हो जाएगी तथा पूरी गली नहर का रूप धारण कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम अधिकारियों को जब इस संबंध में फोन किया गया तो उनका कहना था कि उन्हें इस काम की जानकारी नहीं है।

पार्षद ने आरोप लगाया कि कुछ फैक्टरी मालिकों को राहत देने के लिए स्थानीय लोगों को परेशानी में डाला जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन फैक्टरी मालिकों के यहां समस्या बताई जा रही है, उनके न तो यहां घर हैं और न ही वोट, फिर उनके लिए 500 से अधिक घरों वाले इलाके के लोगों को क्यों परेशानी में डाला जा रहा है। सूचना मिलने पर पार्षद हरप्रीत वालिया मौके पर पहुंचे और चार नंबर गली के निवासियों सहित वार्डवासियों ने सीवरेज लाइन डालने के काम का विरोध किया। लोगों के विरोध के बाद मौके पर काम रुकवा दिया गया।

हरप्रीत वालिया ने कहा कि चार नंबर गली के लोग पिछले कई महीनों से सीवरेज के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। इस संबंध में वह कई बार मेयर वनीत धीर और नगर निगम अधिकारियों से मिल चुके हैं तथा हलका विधायक बावा हैनरी को भी समस्या से अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सोमवार को वह मेयर वनीत धीर से मुलाकात कर इस मामले को उठाएंगे। उन्होंने बताया कि हलका विधायक बावा हैनरी भी वार्डवासियों के साथ नगर निगम पहुंचकर इस समस्या को अधिकारियों के समक्ष रखेंगे।

हरप्रीत वालिया ने कहा कि यदि किसी इलाके को राहत देने के लिए सीवरेज व्यवस्था में बदलाव जरूरी है तो पूरे वार्ड के लोगों की समस्या को ध्यान में रखकर योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि पहले से सीवरेज के पानी में डूबे चार नंबर गली के करीब 500 घरों के लोगों को नजरअंदाज कर आखिर किसके आदेश पर नई पाइप लाइन डाली जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक चार नंबर गली के लोगों की मौजूदा समस्या का समाधान नहीं किया जाता, तब तक इस तरह का कोई भी काम लोगों के हित में नहीं माना जा सकता।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News