जालंधर के रामा मंडी इलाके में खुलेआम चल रहा यह काम, इन अधिकारियों पर उठ रहे सवाल

punjabkesari.in Friday, Mar 28, 2025 - 11:06 AM (IST)

जालंधर (महेश) : जालंधर सैंट्रल हलके के अंतर्गत आते क्षेत्र राम मंडी में धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहे हैं, जिसकी आम लोगों के बीच खासी चर्चा भी हो रही है। इस संबंध में निगम अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने के कारण इनमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि नगर निगम मेयर वनीत धीर ने अवैध इमारतों के निर्माण और जिन अधिकारियों के दम पर ये अवैध निर्माण किए जा रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करने की सख्त चेतावनी दी हुई है।

rama mandi jalandhar

इसके बावजूद सैंट्रल हलके के अंतर्गत आने वाले विभिन्न इलाकों में निगम अधिकारियों और आम आदमी पार्टी के नेताओं के दम पर खुलेआम अवैध निर्माण किए जा रहे हैं, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण रामा मंडी इलाके में देखा जा सकता है। जब रामा मंडी क्षेत्र का दौरा किया गया तो पंजाब एंड सिंध बैंक के पास स्थित ए वन चोपाटी के साथ एक व्यक्ति द्वारा अवैध दुकान का निर्माण किया जा रहा है और सबसे चौकाने वाली बात यह है कि उक्त व्यक्ति द्वारा यह दुकान मुख्य सड़क से नहीं बल्कि बाबा बुड्ढाजी नगर स्थित झुग्गी-झोपड़ी वाली सड़क से होकर बनाई जा रही है, जिसका गेट अक्सर बंद रखा जाता है और दिखाया जाता है कि इसके अंदर कोई निर्माण नहीं हुआ है। ऐसा तब हो रहा है जबकि उक्त व्यक्ति द्वारा बनाई जा रही दुकान की सभी दीवारें खड़ी हो चुकी हैं और अब लैंटर डालने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी यह भी मिली है कि नगर निगम के कुछ भ्रष्ट कर्मचारियों को इस दुकान के बारे में पूरी जानकारी है, जो जानकारी होने के बावजूद इसे नजरअंदाज कर रहे हैं। अब देखने वाली बात यह है कि क्या बड़े-बड़े दावे करने वाले नगर निगम के मेयर वनीत धीर इस निर्माण और रामा मंडी में हो रहे अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई करेंगे या फिर नगर निगम के भ्रष्ट कर्मचारी इसी तरह नगर निगम को लाखों रुपए के राजस्व का चूना लगाते रहेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News