दीवाली के सीजन में जालंधर शहर में छा सकता है अंधेरा! जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 12:42 PM (IST)
जालंधर (खुराना): शहर की करीब 1.15 लाख एल.ई.डी. स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव का काम कर रही एच.पी.एल. कंपनी को नगर निगम की ओर से पिछले करीब एक साल से भुगतान नहीं किया गया है। कंपनी की करीब 2 करोड़ रुपये की राशि बकाया बताई जा रही है। त्योहारी सीजन में भुगतान का यह मामला स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव को प्रभावित कर सकता है।
जानकारी के अनुसार, एच.पी.एल. कंपनी के पास शहर की स्ट्रीट लाइटों की देखभाल के लिए 35 टीमें हैं, जिनमें करीब 80 कर्मचारी काम कर रहे हैं। कंपनी पहले करीब 77 हजार लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रही थी, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 1.15 लाख तक पहुंच गई है। ऐसे में लाइटों की संख्या बढ़ने के साथ रखरखाव का दायरा भी बढ़ गया है।
दूसरी ओर, नगर निगम और कंपनी के बीच स्ट्रीट लाइटों की देखभाल के लिए हुआ पांच साल का कांट्रैक्ट अगले साल मार्च 2027 को समाप्त होने जा रहा है। कंपनी ने निगम से इस कांट्रैक्ट को आगे बढ़ाने की मांग की है। कंपनी का कहना है कि वह इस काम को केवल एक साल के लिए नहीं, बल्कि तीन या पांच साल के लिए लेने की इच्छुक है।
शहर में इस समय करीब 4500 से 5000 स्ट्रीट लाइटें बंद होने की बात सामने आई है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि कुल 1.15 लाख लाइटों के मुकाबले इतनी लाइटों का बंद होना सामान्य स्थिति है। ऐसे में एक तरफ बंद पड़ी लाइटों को चालू रखने की चुनौती है, वहीं दूसरी तरफ कंपनी की बकाया पेमैंट और कांट्रैक्ट की अवधि बढ़ाने का मामला भी नगर निगम के सामने है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

