जंडियाला गुरु में फायरिंग की घटना, इलाके में दहशत का माहौल
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 04:34 PM (IST)
अमृतसर (रमन): जंडियाला गुरु में एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार कुछ अनजान युवकों ने देर रात एक घर को निशाना बनाकर करीब 10 से 12 गोलियां चलाईं। गोलियां सीधे घर के गेट पर लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के अनुसार यह हमला उस समय हुआ जब इलाके में नगर काउंसिल चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी द्वारा नगर पार्षद की सीट पर चुनाव लड़ रहे सुरिंदर सिंह सोनू को पहले भी धमकियां मिल रही थी। उनके मुताबिक उन्हें पहले भी फोन कॉल के जरिए चुनाव न लड़ने की धमकी दी गई थी। इसके बाद उनकी गाड़ी पर भी हमला हुआ, जिसे देखते हुए पुलिस ने उन्हें सिक्योरिटी दी थी।
ताजा घटना में चार अनजान युवक घर से बाहर निकले और अंधाधुंध फायरिंग करके भाग गए। कुछ लोग इस हमले को चुनावी स्टंट से भी जोड़ रहे हैं, हालांकि अभी तक इसकी कोई ऑफिशियल पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए DSP रविंदर पाल सिंह ने बताया कि कल रात करीब 12 बजे मोटरसाइकिल सवार चार युवकों ने सुरिंदर कुमार के घर पर फायरिंग की। दोनों गेट पर कुल नौ गोलियां चलाई गईं, जिनमें से कुछ हवा में भी चलाई गईं।
खुशकिस्मती से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हमलावर घटना के बाद मौके से भाग गए। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए CIA और झंडियाला टीमों को जांच के लिए लगाया है और इलाके में लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार कुछ जरूरी सुराग मिले हैं और दावा किया गया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

