करवाचौथ को लेकर बाजारों से घरों तक छाई रौनक, दुकानदारों के चेहरे खिले, ब्यूटी पार्लरों की हुई चांदी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 05:03 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): भारतीय संस्कृति में त्योहारों का विशेष महत्व है और करवाचौथ का त्यौहार पति-पत्नी के प्यार, विश्वास, समर्पण और आपसी रिश्तों की मजबूती का प्रतीक माना जाता है। सुहागन महिलाओं की ओर से मनाया जाने वाला यह पवित्र त्योहार 29 अक्तूबर को पूरे इलाके में श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखती हैं। आधुनिकता के दौर में करवाचौथ मनाने के तरीकों में बदलाव जरूर आया है, लेकिन इस त्यौहार के प्रति महिलाओं की आस्था और उत्साह आज भी बरकरार है। इस खास मौके को लेकर शहर में बाजारों से लेकर घरों तक खास रौनक छाई हुई है।

बाजारों में आई रौनक, दुकानदारों के चेहरे खिले

त्यौहार को देखते हुए शहर के मुख्य बाजारों में कपड़ों, मैचिंग चूडिय़ों, पारंपरिक गहनों और श्रृंगार के सामान की दुकानों को विशेष तौर पर सजाया गया है। महिलाएं अपने लिए लाल-सुर्ख लहंगे, सूट, करवाचौथ की पूजा के लिए मिट्टी के करवे और श्रृंगार का सामान बड़े चाव से खरीद रही हैं। खरीददारी में आई इस तेजी से दुकानदारों के चेहरे पूरी तरह खिल उठे हैं।

कश्मीरी चूड़ियों, कश्मीरी और चांद वाली बिंदियों की भारी मांग

दुकानदारों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार सुहागिनों की ओर से खरीदारी में खास पसंद देखने को मिल रही है। इस बार बाजार में कश्मीरी चूड़ियों, कश्मीरी बिंदियों और चांद के आकार वाली बिंदियों की बहुत ज्यादा मांग रही। महिलाएं और नवविवाहित युवतियां अपने पहनावे के साथ मैचिंग करने के लिए इन कश्मीरी चूड़ियों और आकर्षक बिंदियों को खास प्राथमिकता दे रही हैं।

राम बाड़ा बाजार और बावा संत सिंह रोड पर लगे मेहंदी के स्टॉल

शहर के प्रमुख राम बाड़ा बाजार और बावा संत सिंह रोड पर मेहंदी लगाने वाले कलाकारों की ओर से अपने खास स्टॉल सजा लिए गए हैं। सुहागिन महिलाओं और नई नवविवाहित युवतियों में मेहंदी लगवाने को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आखिरी समय की भीड़ और परेशानी से बचने के लिए महिलाएं मेहंदी आर्टिस्टों के पास पहले से ही एडवांस बुकिंग करवा रही हैं, ताकि समय पर सुंदर और आकर्षक डिजाइनों वाली मेहंदी लगवाई जा सके।

हलवाइयों ने मिठाइयों, फेनियों की दुकानें सजाईं

करवाचौथ के त्योहार में सरगी का खास महत्व होता है, जिसके चलते हलवाइयों की ओर से भी विशेष तैयारियां की गई हैं। शहर की प्रमुख मिठाइयों की दुकानों पर अलग-अलग तरह की ताजी मिठाइयों, फेनियों की बड़ी-बड़ी दुकानें सज गई हैं। महिलाएं और परिवार के सदस्य सरगी के लिए फेनियां, घेवर और अन्य पारंपरिक मिठाइयों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

ग्राहकों के लिए खास ऑफर और ‘सुहागिन पैकेज’

इस बार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बाजार में दुकानदारों और ब्यूटी पार्लर संचालकों की ओर से अलग-अलग तरह के लुभावने ऑफर पेश किए जा रहे हैं। कपड़ा, ज्वैलरी और श्रृंगार का सामान बेचने वालों की ओर से खास डिस्काऊंट और स्कीमें दी जा रही हैं। दूसरी ओर, ब्यूटी पार्लरों की ओर से ‘करवाचौथ स्पैशल सुहागिन पैकेज’ तैयार किए गए हैं, जिनमें फेशियल, मैकअप, हैयर स्टाइल, नेल आर्ट और मेहंदी को एक साथ जोड़कर कम कीमतों पर पैकेज दिए जा रहे हैं।

ब्यूटी पार्लरों की हुई चांदी, एडवांस बुकिंग से पार्लर पैक

करवाचौथ के दिन सोलह श्रृंगार से सजने के लिए सुहागिनों और नवविवाहित युवतियों की ओर से ब्यूटी पार्लरों का रुख किया जा रहा है। विशेष ऑफरों और सुविधाओं के चलते पार्लरों में दिन-रात भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पार्लर मालिकों के अनुसार 28 और 29 अक्तूबर के लिए लगभग सभी स्लॉट पहले ही एडवांस में बुक हो चुके हैं, जिसके कारण पार्लर संचालकों की खास चांदी बनी हुई है।

लाइनों से बचने के लिए ‘होम सर्विस’ का बढ़ा जबरदस्त क्रेज

इस बार करवाचौथ पर एक नया और बड़ा रुझान देखने को मिल रहा है। पार्लरों में लगने वाली लंबी लाइनों, परेशानी और समय बचाने के लिए महिलाओं में घरों में जाकर सेवाएं देने वाली यानी ‘होम सर्विस’ ब्यूटीशियनों का क्रेज काफी ज्यादा बढ़ गया है। होम सर्विस देने वाली ब्यूटीशियनों की ओर से भी घर बैठे तैयार होने के लिए खास फैमिली और ग्रुप पैकेज ऑफर किए जा रहे हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, ताकि खरीदारी करने आई महिलाओं और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News