1000 रुपए महीने का वादा अधूरा, 89 लाख महिलाओं को नहीं मिली सहायता- केवल सिंह ढिल्लों

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 06:23 PM (IST)

पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मांग की कि पंजाब में 'आप' पार्टी के शासन के 51 महीनों का कुल बकाया 51,000 रुपए तुरंत महिलाओं के खातों में स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह राशि 'आप' सुप्रीमो अरविन्द केजरिवाल द्वारा 21 नवंबर 2021 को मोगा में आयोजित “केजरीवाल दी तीसरी गारंटी, महिलावां नू वधाइयां” कार्यक्रम के दौरान दी गई तीसरी गारंटी के अनुसार बनती है।

प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी की उपस्थिति में ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी के रवैये को पंजाब की महिलाओं के साथ ऐतिहासिक विश्वासघात करार दिया और कहा कि भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल की सहमति से महिलाओं को 2 स्तरों पर धोखा दिया है। पहला, सामान्य वर्ग की महिलाओं को केवल 1,000 रुपए प्रति माह और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपए प्रति माह देकर मान सरकार ने केजरीवाल के मूल वादे-हर पात्र महिला को 1,000 रुपए प्रति माह-के तहत 51 महीनों के 51,000 रुपए बकाया से उन्हें प्रभावी रूप से वंचित कर दिया है।

दूसरा, केजरीवाल की गारंटी पंजाब की 18 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला के लिए थी, जिसमें 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं शामिल थीं। लेकिन मान सरकार का दावा है कि केवल 36 लाख महिलाओं को ही राशि हस्तांतरित की गई है। इसका अर्थ है कि 89 लाख से अधिक महिलाओं को वादा की गई 1,000 रुपए सहायता भी नहीं मिली।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि 'आप' पार्टी  ने झूठे दावों और प्रचार के माध्यम से लोगों को गुमराह करने की कला में महारत हासिल कर ली है और पंजाब सरकार द्वारा दावा किए गए 36 लाख लाभार्थियों की वास्तविक संख्या इससे काफी कम हो सकती है। ढिल्लों ने याद दिलाया कि मोगा रैली में केजरीवाल ने कहा था, “जो केजरीवाल कहते हैं, वो करके दिखाते हैं।” लेकिन वास्तव में, ढिल्लों के अनुसार यह वादा पंजाब की महिलाओं को गुमराह करने और झूठी गारंटियों के माध्यम से वोट हासिल करने का एक सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है।

ढिल्लों ने आगे कहा कि जब केजरिवाल से पूछा गया था कि इस योजना के लिए धन कहां से आएगा, तब केजरीवाल ने दावा किया था कि पैसों की कोई कमी नहीं है और 20,000 करोड़ रुपए के अवैध रेत खनन को रोककर इस योजना को वित्तपोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “लेकिन 'आप' के सत्ता में आने के बाद अवैध खनन रुका नहीं, बल्कि कई गुना बढ़ गया है। केजरीवाल के अपने ही पैमाने पर यह भगवंत मान और आप नेताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा पंजाब की महिलाओं के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी, जब तक कि केजरिवाल की गारंटी अनुसार हर रुपया उनके बैंक खातों तक नहीं पहुंच जाता।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News